....

मेडिकल इंटर्न के लिए खुशखबरी, स्टाइपेंड ₹12 हजार से बढ़कर ₹25 हजार हुआ

 उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने MBBS और BDS की पढ़ाई पूरी कर अनिवार्य रोटेटरी इंटर्नशिप कर रहे विद्यार्थियों को बड़ी राहत दी है। राज्य सरकार ने इंटर्न का मासिक स्टाइपेंड ₹12 हजार से बढ़ाकर ₹25 हजार करने का फैसला लिया है। कैबिनेट की बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।




सरकार के इस फैसले से प्रदेश के सरकारी मेडिकल कॉलेजों, राज्य संचालित चिकित्सा संस्थानों और मेडिकल विश्वविद्यालयों में इंटर्नशिप कर रहे करीब 3,928 MBBS और BDS इंटर्न को लाभ मिलने की उम्मीद है। इससे इंटर्न को हर महीने ₹13 हजार अतिरिक्त आर्थिक सहायता मिलेगी।

MBBS और BDS की पढ़ाई के बाद रोटेटरी इंटर्नशिप चिकित्सा प्रशिक्षण का अनिवार्य हिस्सा है। इस दौरान इंटर्न अस्पतालों में ओपीडी, वार्ड, आपातकालीन सेवाओं और मरीजों की देखभाल से जुड़े कार्यों में चिकित्सकों के साथ काम करते हैं। कई इंटर्न को नाइट ड्यूटी भी करनी पड़ती है। ऐसे में स्टाइपेंड बढ़ाए जाने से उन्हें आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।

इससे पहले वर्ष 2021 में उत्तर प्रदेश सरकार ने इंटर्न का स्टाइपेंड ₹7,500 से बढ़ाकर ₹12 हजार किया था। अब करीब पांच साल बाद इसे बढ़ाकर ₹25 हजार किया गया है। सरकार के इस फैसले को चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े युवाओं के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Share on Google Plus

click XYZ

    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

Post a Comment