....

मोदी कैबिनेट में संभावित फेरबदल, बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन में भी बड़े बदलाव की चर्चा

 मोदी कैबिनेट में संभावित फेरबदल, बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन में भी बड़े बदलाव की चर्चा 
मोदी कैबिनेट में फेरबदल के बीच बीजेपी की राष्ट्रीय टीम में भी बदलाव की चर्चा जोरों पर है। हालांकि केंद्रीय कैबिनेट और पार्टी की सेंट्रल टीम में कब बदलाव होगा, इसको लेकर अभी तक आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन बताया जा रहा है कि दोनों जगहों पर आगामी राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव का भी खासा ध्यान रखा जाएगा। इसके अलावा केंद्रीय कैबिनेट में हाल ही में NDA में शामिल हुए बागी नेताओं को भी इनाम दिया जा सकता है। 




मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नितिन नवीन ने अपनी टीम तैयार करने के लिए पूरी स्क्रिप्ट तैयार कर ली है। साथ ही यह भी बताया जा रहा है कि उन्होंने नेताओं की एक लिस्ट भी बना ली है। 

बैठकों का चल रहा दौर
बीजेपी की राष्ट्रीय टीम में बदलाव को लेकर पार्टी के अंदर बैठकों का दौर चल रहा है। गुरुवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अमित शाह से उनके आवास पर मुलाकात की। यह बैठक करीब 3 घंटे चली। इस दौरान पार्टी महासचिव बीएल संतोष भी मौजूद रहे। हालांकि बैठक को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन माना जा रहा है कि संगठन में बदलाव को लेकर नितिन नवीन और बीएल संतोष ने अमित शाह से मुलाकात की है। 

इससे पहले केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आवास पर भी बैठक हो चुकी है। इस बैठक में अमित शाह, नितिन नवीन, जेपी नड्डा के साथ पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए थे। 

क्या है बीजेपी की रणनीति
मानसून सत्र से पहले केंद्रीय कैबिनेट में बदलाव की अटकलें लगाई जा रही है। इसमें से कई नेताओं की छुट्टी भी हो सकती है। ऐसे में माना जा रहा है कि केंद्रीय कैबिनेट से कई नेताओं को संगठन में बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है। पार्टी हाईकमान का प्रयास है कि संगठन को आगामी राजनीतिक और चुनावी चुनौतियों के लिए और मजबूत बनाया जाए। 

युवाओं और सीनियर नेताओं को मिलेगा मौका
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नितिन नवीन की नई टीम में युवाओं और सीनियर नेताओं के बीच संतुलन बनाया जाएगा। इसके अलावा अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को भी पार्टी खासा ध्यान रखेगी। माना जा रहा है कि चुनावी राज्यों वाले नेताओं को संगठन में ज्यादा अहमियत मिल सकती है। अगले साल यूपी, उत्तराखंड और पंजाब में भी चुनाव है। 

यूपी में बीजेपी ने पंकज चौधरी की टीम का गठन कर लिया है और चुनावी तैयारियों में जुट गई है। ऐसे में अब सेंट्रल टीम में भी जल्द ही फेरबदल की अटकलें लगाना शुरू हो गया है।

Share on Google Plus

click XYZ

    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

Post a Comment