कांग्रेस के दिग्गज नेता राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने आज भोपाल प्रवास के दौरान पत्रकारों से चर्चा करते हुये कहा कि प्रदेश और देश की जनता ने जिन उम्मीदों को लेकर वोट डाले थे उस पर सरकार खरा नहीं उतरी। देश की बात हो या प्रदेश की भाजपा द्वारा हर क्षेत्र में सिर्फ झूठा प्रचार-प्रसार और फोटो छपवाने का काम किया जा रहा है। जहां एक ओर 400 पार के अहंकार को जनता ने करारा जवाब दिया, वहीं भाजपा ने देश में दो बैसाखियों पर सरकार बनाई है।
पायलट ने कहा कि राहुल गांधी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद सरकार की जवाबदारी तय की है। केंद्र की भाजपा सरकार आज भी कांग्रेस को दोष दे रही है और केवल चिन्हित लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए नीतियां बन रही हैं। बीजेपी का ग्राफ देशभर में लगातार डाउन हो रहा है। भाजपा गौ माता, भगवान राम के नाम पर वोट बटोरती है और विपक्षी सरकारों को बजट नहीं देती भाजपा में बहुत सारे नेता पार्टी छोड़ते हैं, हमारे यहां पूरी पार्टी चुनाव लड़ती है। हमने जहां जो कहा वह करके दिखाया है, पर भाजपा हमेशा झूठ बोलती है और कांग्रेस को कोसती रहती है। भाजपा और नरेन्द्र मोदी बतायें भारत की सीमाओं का संरक्षण किसकी जिम्मेदारी है।
पायलट ने कहा कि झारखंड, महाराष्ट्र में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। वहीं प्रियंका गांधी वायनाड से चुनाव लड़ रही हैं, सुखद परिणाम हर जगह कांग्रेस के लिए मिलेंगे। वहीं हम चाहते हैं जम्मू कश्मीर को फुल स्टेट का दर्जा मिले। हमारा संख्या बल अब बहुत बेहतर है, हम हर मुद्दे पर सार्थक चर्चा करेंगे।
पायलट ने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा कहती थी कि कांग्रेस आई तो मंगलसूत्र छीन ले जाएंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री काटेंगे की बात करते हैं। वहीं हम सकारात्मक राजनीति की बात करते हैं। बीजेपी का काम है कि केवल ध्रुवीकरण करना, धार्मिक भावनाओं का राजनीतिक आक्रमण करना, विपक्ष की आवाज दबाने के लिए सत्ता का दुरुपयोग करना। यह जनता समय चुकी है, अब एक तरफा हवा चल रही है, गठबंधन की सरकार बनाने के लिए लोग खड़े हो चुके हैं। भाजपा गौ माता, श्री राम के नाम पर राजनीति करती है। लेकिन कितने उद्योग लगवाए, चिकित्सा, शिक्षा, रोजगार, पानी पर बात नहीं करती। विवादित बयान देकर भाजपा का वोट लेना यह एक पैटर्न बन गया है। झारखंड में केंद्र सरकार करोड़ों रुपए रोककर बैठी है, बजट तक नहीं दे रहे हैं, जहां विपक्ष की सरकार है। भाजपा की यह राजनीति सही नहीं।
पायलट ने कहा कि पूरे मध्यप्रदेश सहित राजधानी भोपाल स्थित सचिवालय में माफिया जमें हुये हैं, जो सरकार की नाक के नीचे जमकर भ्रष्टाचार कर रहे हैं। प्रदेष में यदि शिवराज सिंह की योजनाएं इतनी अच्छी थी तो उन्हें हटाया क्यों? मध्यप्रदेष में हम सभी मिलकर उपचुनाव लड़ रहे हैं, एमपी में मजबूत विपक्ष के रूप में सरकार काम कर रही है, उपचुनाव में हम अच्छा करेंगे। यहां एक नए बदलाव की शुरुआत होगी। कांग्रेस आने वाले समय में पढ़ेंगे और बढ़ेंगे अभियान पर काम करेगी।
राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने कहा कि प्रदेष में प्रशासन पूरी तरह विफल और और स्टेट की योजनाएं फेल हैं। भाजपा ने ऐसा नया क्या किया जिसकी हम तारीफ करें। सिर्फ प्रचार और विज्ञापन से अच्छा काम नहीं होता, जनता को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। किसान, युवा, महिलाएं सभी परेशां हैं। वहीं भाजपा अपने लोगों के खिलाफ खुफिया लगा रही है, वह अपने ही लोगों से डरी हुई हैै। हजारों की संख्या में लोग अपने आप हमारी रैली में आ रहे हैं। किसी भी प्रदेष में कानून का राज होता है, बुलडोजर का राज नहीं लेकिन भाजपा भाजपा पुलिस-प्रशासन का दुरुपयोग करती है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भूपेंद्र सिंह मामले को लेकर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुये कहा कि प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री इस प्रदेश में असुरक्षित हैं तो इससे यह सन्देश जाता है कि यहां माफियाओं का राज चल रहा है। पूर्व गृहमंत्री रो रहे हैं कि मुझे धमकियां मिल रही है। हम बार-बार कह रहे हैं कि यह मोहन यादव की सरकार नहीं है, बीजेपी की सरकार नहीं है, जनता की भी सरकार नहीं है यह तो केवल माफियाओं की सरकार है। ड्रग माफिया, भू-माफिया,शराब माफिया, शिक्षा , चिकित्सा शिक्षा तरह-तरह के माफियाओं की सरकार प्रदेश में है, इतना ही नहीं राजनीतिक लोगों को भी धमकाने के लिए माफिया है। उन्होंने कहा कि मुझे दुख है कि अब जनता का राज नहीं जंगल राज है।
वहीं पटवारी ने मुख्यमंत्री के छेड़ेंगे तो छोड़ेंगे नहीं बयान पर बोलते हुये कहा कि एक संवैधानिक पद पर रहकर कोई इस तरह की भाषा कोई बोलता है तो यह अपराध है। इस तरह की बयानबाजी और अपराध करने से मोहन यादव को बचाना चाहिए। उन्होंने कहा कि 50 हज़ार से ज्यादा वोटो से हम विजयपुर सीट जीत रहे हैं और बुधनी में भी कांटे की टक्कर है अप्रत्याशित परिणाम नजर आएंगे।
0 comments:
Post a Comment