....

बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं की ऐतिहासिक विजय में महत्वपूर्ण भूमिका, हर क्षेत्र का होगा विकास - विष्णुदत्त शर्मा

 खजुराहो : सोमवार, जुलाई 1, 2024/ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने रविवार को खजुराहो लोकसभा के गुन्नौर और पवई विधानसभा के मतदाता और कार्यकर्ता अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गरीब कल्याण की योजनाओं ने भाजपा को तीसरी बार ऐतिहासिक बहुमत से लोकसभा चुनाव में विजय दिलाई है। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने जाति के आधार पर लोगों को बांटकर देश में विष घोलने का कार्य किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने पन्ना जिले के ग्राम बराछ और बिलघाड़ी पहुंचकर मतदाताओं को सम्मानित किया और भाजपा कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया।



भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि जनता के आशीर्वाद और भाजपा कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम व मेहनत से भाजपा को यह ऐतिहासिक विजय प्राप्त हुई है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में एनडीए सरकार की उपलब्धियों और देश की जनता का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति अटूट विश्वास से तीसरी बार ऐतिहासिक बहुमत मिला है।


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि देश की आजादी के बाद नरेन्द्र मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने वाले गैर कांग्रेसी पहले राजनेता हैं। यह उपलब्धि प्रधानमंत्री के प्रति देश की जनता के अटूट विश्वास, प्रेम और आशीर्वाद से ही संभव हो सकी है। विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री ने गरीब कल्याण के लिए पिछले दस वर्षों में देश के अंदर जो कार्य किया है व मध्यप्रदेश में भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने जो कार्य किए हैं उसकी वजह से मध्यप्रदेश में भाजपा ने सभी 29 लोकसभा सीटें जीतकर एक नया इतिहास बनाया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भाजपा ने मध्यप्रदेश में सभी सीटें जीतने का जो इतिहास बनाया है, इसके पीछे भाजपा के देवतुल्य कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत, लगन व परिश्रम है। भाजपा के बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं ने दिन-रात मेहनत कर घर-घर संपर्क किया और भाजपा सरकार की उपलब्धियां जनता को बताईं, इसी का परिणाम है लोकसभा में भाजपा को ऐतिहासिक बहुमत मिला है।


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि लोकसभा चुनाव में अपनी करारी हार को देखते हुए चुनाव अभियान शुरू होने से पहले ही मध्यप्रदेश सहित देशभर में कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं ने देश की जनता को जातियों में बांटकर समाज में विष घोलने का कार्य किया है। कांग्रेस हमेशा से छल-कपट की राजनीति करती आई है। इस लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस ने झूठ बोला कि भाजपा को 400 सीटों पर विजय मिल जाएगी तो भाजपा सरकार संविधान बदल देगी। लोगों को जातियों में बांटकर समाज में जिस तरह से कांग्रेस पार्टी ने विष घोलने का कार्य किया है, जिसे सभ्य समाज कभी स्वीकार नहीं करेगा। देश की जनता कांग्रेस को इस कृत्य के लिए कभी माफ नहीं करेगी। मध्यप्रदेश की जनता ने कांग्रेस की इस षड्यंत्रकारी राजनीति को नहीं चलने दिया और प्रदेश की सभी 29 सीटों पर भाजपा को ऐतिहासिक विजय दिलाई है।


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने अपना बूथ सबसे मजबूत और बूथ जीतने के संकल्प को लेकर कार्य किया है, जिसका परिणाम है कि प्रदेश की 29 सीटों पर पार्टी को प्रचण्ड विजय मिली है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रत्येक बूथ पर पार्टी प्रत्याशी बनकर चुनाव लड़ा है और आज यह ऐतिहासिक दिन आया है। हर बूथ पर कार्यकर्ताओं ने जो अथक मेहनत व परिश्रम से पार्टी को विजय दिलाई है, उसकी आज देशभर में प्रशंसा हो रही है। मध्यप्रदेश की जनता का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर इतना विश्वास ही है कि किसी भी अन्य पार्टी को कोई मौका नहीं दिया। भाजपा सबका साथ, सबका विकास की अवधारणा पर कार्य करती है। आप सभी मतदाताओं और कार्यकर्ताओं का मैं एक बार फिर हृदय से आभार प्रकट करता हूं और अभिनंदन करता हूं। भाजपा के हर कार्यकर्ता का पूरा सम्मान रखा जाएगा और खजुराहो लोकसभा सहित समूचे मध्यप्रदेश के हर क्षेत्र का समुचित विकास किया जाएगा।


इस अवसर पर पूर्व मंत्री व विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह, विधायक राजेश वर्मा, प्रहलाद लोधी, जिला अध्यक्ष बृजेन्द्र मिश्रा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जयप्रकाश चतुर्वेदी, सतानंद गौतम, रामबिहारी चौरसिया, जिला पंचायत अध्यक्ष मीनाराजे परमार, पूर्व विधायक गौरेलाल अहिरवार, फुंदर चौधरी, शिवदयाल बागरी सहित पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share on Google Plus

click newsroom

    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

Post a Comment