....

उत्तर प्रदेश के हाथरस में सत्संग में आज भगदड़ मचने से पचास से अधिक लोगों की मौत

हाथरस : मंगलवार, जुलाई 2, 2024/ उत्तरप्रदेश के हाथरस जिले के एक गांव में आज एक धार्मिक सभा में भगदड़ मचने से पचास से अधिक लोगों की मौत और कई अन्य घायल हो गए। एटा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि यह घटना फुलरई गांव में आयोजित एक सत्संग में हुई। इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोग जुटे थे, जहां भगदड़ मचने से हादसा हुआ।



प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथरस जिले में हुए हादसे में मरने वालों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनके समुचित उपचार और मौके पर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने एडीजी आगरा और कमिश्नर अलीगढ़ के नेतृत्व में घटना के कारणों की जांच 24 घंटे में पूरी करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रूपये और घायलों को पचास-पचास हजार रूपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देष दिए हैं। कार्यक्रम आयोजकों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज होगी।


हाथरस जिलाधिकारी आशीष कुमार ने हादसे में 50 से अधिक लोगों के मरने की पुष्टि की है। उनका कहना है कि अभी भी मृतकों की संख्या के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।


राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के हाथरस में आयोजित सत्संग के दौरान मची भगदड़ की घटना पर गहरा दुःख जताया है। राष्ट्रपति ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में हुई दुर्घटना में महिलाओं और बच्चों सहित अनेक श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार हृदय विदारक है। मैं अपने परिवारजनों को खोने वाले लोगों के प्रति गहन शोक संवेदना व्यक्त करती हूं तथा घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।


प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज उत्तर प्रदेश के हाथरस हादसे में हुई मौतों पर दुख व्यक्त किया और प्रत्येक मृतक के परिजनों और घायलों के लिए अनुग्रह राशि की घोषणा की। मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये और भगदड़ में घायल हुए प्रत्‍येक व्‍यक्ति को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।


प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट किया "उत्तर प्रदेश के हाथरस में हुए दुखद हादसे को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात की। यूपी सरकार सभी पीड़ितों की हरसंभव सहायता में जुटी हुई है। मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं, जिन्होंने इसमें अपने प्रियजनों को खोया है। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। 


रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हादसे पर दुख प्रकट किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा दुर्घटना में जिन्होंने अपनों को खोया है, उन शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उत्तर प्रदेश के हाथरस में सत्संग के दौरान मची भगदड़ में कई श्रद्धालुओं की असामयिक मृत्यु पर दु:ख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा महाकाल से दिवंगत श्रद्धालुओं की आत्मा को मोक्ष प्रदान करने की प्रार्थना और शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहन संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घायल श्रद्धालुओं के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।


मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उत्तर प्रदेश के हाथरस हादसे पर गहरा दुःख प्रकट किया है। उन्होंने कहा है कि हाथरस में हुई दुर्घटना हृदय विदारक है। इस हादसे में दिवंगत हुए लोगों को मेरी विनम्र श्रद्धांजलि, दिवंगतों के परिजनों को प्रभु इस दुःख को सहने की शक्ति दें। मुख्यमंत्री ने हादसे में घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।






 

Share on Google Plus

click newsroom

    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

Post a Comment