....

मध्यप्रदेश की जनता ने कांग्रेस व विपक्षी दलों की छल-कपट की राजनीति को नकार दिया - विष्णुदत्त शर्मा

 भोपाल : रविवार, जून 30, 2024/ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने खजुराहो लोकसभा क्षेत्र के चंदला और पन्ना विधानसभा के मतदाता और कार्यकर्ता अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर देश की जनता का अपार विश्वास है। देश की जनता ने विश्वास व्यक्त करते हुए ही लगातार तीसरी बार ऐतिहासिक बहुमत से भाजपा को जिताकर नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाया है। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने भ्रम फैलाया कि भाजपा 400 सीटें जीत गई तो संविधान बदल देगी। मध्यप्रदेश की जनता ने कांग्रेस और विपक्षी दलों की झूठ, छल-कपट की राजनीति को नकार दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद शर्मा ने चंदला, पन्ना एवं राजनगर विधानसभा के कई गांवों में पहुंचकर मतदाताओं और कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया। चंदला में आयोजित समारोह में प्रदेश शासन के मंत्री दिलीप अहिरवार और पन्ना में आयोजित समारोह को पूर्व मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने भी संबोधित किया।



भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा सरकार के प्रति जनता का इतना विश्वास है कि चंदला विधानसभा के एक बूथ पर भाजपा को 95 प्रतिशत वोट प्राप्त हुए हैं। इसी विश्वास को सम्मान देने के लिए मैं मतदाताओं का अभिनंदन कर रहा हूं। 95 प्रतिशत वोट प्राप्त करने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने अथक मेहनत व परिश्रम किया है, इसलिए उनका भी अभिनंदन किया जा रहा है। चंदला विधानसभा के प्रत्येक गांव में सड़क और पीने के पानी की सुविधा मुहैया कराई जाएगी। चंदला क्षेत्र विकास में किसी भी क्षेत्र से पीछे नहीं रहेगा। आप लोगों ने मुझ पर और भाजपा पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उसका पूरा सम्मान रखा जाएगा।


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि इस लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने देशभर में झूठ, छल-कपट की राजनीति की है। कांग्रेस पार्टी हमेशा से छल-कपट की राजनीति करती आ रही है। इस लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और विपक्षी दलों ने सबसे बड़ा झूठ बोला है कि भाजपा अगर 400 सीटों पर विजयी हो जाएगी तो संविधान बदल देगी। लेकिन मैं मध्यप्रदेश की जनता का हृदय से धन्यवाद देता हूं कि यहां की जनता ने कांग्रेस की छल-कपट की राजनीति को सफल नहीं होने दिया और नरेन्द्र मोदी पर विश्वास व्यक्त करते हुए प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर भाजपा को ऐतिहासिक विजय दिलाई है। मध्यप्रदेश की जनता ने कांग्रेस की झूठ व छल-कपट की राजनीति को पूरी तरह से नकार दिया है, लेकिन अभी भी कांग्रेस भ्रम फैलाने से बाज नहीं आ रही है। मध्यप्रदेश की जनता आगे भी कांग्रेस को इसी तरह से सबक सिखाएगी।


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि खजुराहो लोकसभा क्षेत्र सहित मध्यप्रदेश में जिन बूथों पर भाजपा को जीत नहीं मिली है, उन बूथों की संख्या बहुत कम है। जिन बूथों पर भाजप को विजय नहीं मिली है, उन बूथों की जनता को मैं कहना चाहता हूं कि भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के ध्येय वाक्य पर कार्य करते हैं। जिन लोगों ने इस लोकसभा चुनाव में भाजपा को मतदान नहीं किया उनका उनके क्षेत्र में विकास के सभी कार्य किए जाएंगे और भाजपा उन मतदाताओं का भी विश्वास जीतने का कार्य करेगी।


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि खजुराहो लोकसभा क्षेत्र में आप सभी मतदाताओं के विश्वास और कार्यकर्ताओं के अथक मेहनत व परिश्रम से ऐतिहासिक विजय मिली है। मध्यप्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर ऐतिहासिक विजय आज देशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। सभी 29 सीटों पर भाजपा को विजय बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के अथक मेहनत व परिश्रम व जनता के विश्वास के कारण ही संभव हो सकी है। छिंदवाड़ा लोकसभा क्षेत्र को लेकर तरह-तरह की बातें होती थीं, लेकिन हमें अपने भाजपा के कार्यकर्ताओं पर भरोसा था कि हम छिंदवाड़ा भी जीतेंगे। छिंदवाड़ा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति जनता का विश्वास, गरीब कल्याण की योजनाओं और बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही ऐतिहासिक विजय मिली है।


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने शनिवार को राजनगर विधानसभा के ग्राम बसाहनाला (देवपुर तिराहा) ग्राम मढ़ा, मुंडेरी, पटना तिराहा, बसंतपुर तिराहा, बालकोरा तिराहा और बिछाना तिराहा पर आयोजित कार्यक्रम में मतदाताओं और कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने मतदाताओं और कार्यकर्ताओं को शॉल और श्रीफल देकर सम्मानित किया है। इसके साथ पन्ना विधानसभा के ग्राम बीरा और अजयगढ़ में भी मतदाताओं और कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया गया। पन्ना में आयोजित समारोह में मतदान केंद्र पर जाकर मतदान करने वाले 95 वर्षीय बुजुर्ग मतदाता कन्हैयालाल साहू को सम्मानित किया। इसके साथ ही बुजुर्ग मतदाता व मीसाबंदी अवध चौबे और त्रिलोक चंद जैन को भी सम्मानित किया है।


चंदला में आयोजित समारोह में जिला अध्यक्ष चंद्रभान सिंह गौतम, विधायक अरविन्द पटेरिया, पूर्व विधायक रेखा यादव, करुणेंद्र प्रताप सिंह, हरप्रसाद पटेल, संजय रिछारिया, सुरेंद्र चौरसिया, अरविन्द बुन्देला, अरविन्द त्रिपाठी, अवध मिश्रा, पंकज पांडे सहित जिला पदाधिकारी व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, मतदाता उपस्थित रहे।


पन्ना जनसभा में विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष बृजेन्द्र मिश्रा, सदानंद गौतम, उमेश शुक्ला, रामअवतार पाठक, आशुतोष मेहदेले, जिला पंचायत अध्यक्ष मीनाराजे परमार, नगरपालिका परिषद अध्यक्ष मीना पाण्डेय सहित जिला पदाधिकारी उपस्थित रहे।


Share on Google Plus

click newsroom

    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

Post a Comment