....

मौसम विभाग ने देश के पश्चिमोत्तर, उत्तर और पूर्वी हिस्सों में भीषण गर्मी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया

 नई दिल्ली : शुक्रवार, जून 14, 2024/ मौसम विभाग ने देश के पश्चिमोत्तर, उत्तर और पूर्वी हिस्सों में भीषण गर्मी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले तीन से चार दिनों तक पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी का प्रकोप बना रहेगा। मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉक्टर आर.के. जेनामणि ने कहा कि आने वाले दिनों में इन क्षेत्रों में औसत तापमान पांच से छह डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।  

 मौसम विभाग ने अगले तीन से चार दिनों के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत में तेज वर्षा जारी रहने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। गोवा और महाराष्ट्र में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 17 जून तक कर्नाटक, केरल, लक्षद्वीप, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, पुडुचेरी और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में मौसम की यही स्थिति बनी रहेगी।

मौसम विभाग ने कहा है कि अगले दो से तीन दिनों के दौरान महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। विभाग ने दिल्ली में हल्के बादल छाए रहने और कहीं हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। 

Share on Google Plus

click newsroom

    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

Post a Comment