....

क्षेत्र के विकास के लिए जी-जान लगा दूंगा, खजुराहो को जल्द मिलेगी ग्रीन सिटी की सौगात - विष्णुदत्त शर्मा

 भोपाल : शनिवार, जून 29, 2024/ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने शुक्रवार को खजुराहो में राजनगर विधानसभा क्षेत्र के मतदाता एवं कार्यकर्ता अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर भगवान रूपी जनता के अटूट विश्वास और पार्टी के देवतुल्य


कार्यकर्ताओं के अथक मेहनत व परिश्रम से भाजपा को मध्यप्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों में ऐतिहासिक विजय मिली है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर मध्यप्रदेश सहित देशभर की जनता का अटूट विश्वास ही है कि आजादी के बाद पहली बार बिना कांग्रेस के कोई दल लगातार तीसरी बार सत्ता में आया है। मैं खजुराहो क्षेत्र के विकास के लिए जी-जान लगा दूंगा। आप सभी भगवान रूपी मतदाताओं को मैं विश्वास दिलाता हूं कि मैं खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा आप सभी के सुख-दुख में आपके साथ खड़ा रहूंगा और पूरे क्षेत्र को एक परिवार मानकर कार्य करूंगा। परिवार की तरह आप सब की सेवा करता रहूंगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने वरिष्ठ मतदाताओं का सम्मान व कार्यकर्ताओं का पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया।


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि खजुराहो की जनता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर विश्वास जताते हुए ऐतिहासिक विजय दिलाई है। खजुराहो लोकसभा क्षेत्र में भाजपा को 68 प्रतिशत वोट मिले हैं। देश के दस चुनिंदा सांसदों में आपके क्षेत्र के सांसद, आपके परिवार के सदस्य विष्णुदत्त शर्मा का भी नाम है। खजुराहो लोकसभा क्षेत्र में मतदान प्रतिशत कम होने के बाद भी वोट शेयरिंग में देश के दस चुनिंदा सांसदों में खजुराहो लोकसभा क्षेत्र का सातवां स्थान है। राजनगर विधानसभा में 273 बूथ हैं, जिनमें भाजपा को सिर्फ 5 पर विजय नहीं मिली, बाकी सभी बूथों पर भाजपा को विजय मिली है।


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि आज देशभर में चर्चा हो रही है कि मध्यप्रदेश ने तो कमाल कर दिया। मध्यप्रदेश में भाजपा सभी 29 लोकसभा सीटों पर ऐतिहासिक विजय प्राप्त की है, इसकी चर्चा आज देशभर में हो रही है। यह उपलब्धि ऐसे ही नहीं मिली है। यह उपलब्धि मध्यप्रदेश के कार्यकर्ताओं के त्याग, बलिदान, अथक मेहनत परिश्रम से मिली है। भाजपा के देवतुल्य कार्यकर्ताओं ने अपना तन-मन-धन लगातर पार्टी के लिए कार्य किया, तब जाकर भाजपा को प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों में ऐतिहासिक विजय मिली है। छिंदवाड़ा को लेकर कहा जाता था कि वहां तो राह आसान नहीं, लेकिन मुझे अपने कार्यकर्ताओं की लगन, मेहनत व संगठन की क्षमता पर पूरा भरोसा था। मैं हमेशा कहता था कि इस बार छिंदवाड़ा में कमल खिलेगा और वहां की जनता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति विश्वास जताते हुए भाजपा को एक लाख 14 हजार से अधिक मतों से विजयी बनाया है।


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है। यहां हार की भी समीक्षा होती है और जीत की भी समीक्षा होती है। मध्यप्रदेश से लोकसभा चुनाव की समीक्षा की है। राजनगर विधानसभा में 5 बूथों पर भाजपा चुनाव हारी है, वहीं प्रदेश के 80 प्रतिशत बूथों पर भाजपा को इस लोकसभा चुनाव में विजय मिली है। भाजपा जिन 20 प्रतिशत बूथों पर चुनाव नहीं जीत सकी, कई बूथों में तो बहुत कम अंतर से हार हुई है। उन सभी बूथों में हमें और कार्य करना है कि आने वाले चुनावों में उन बूथों पर चुनाव जीतना है।


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भगवान मतंगेश्वर की धरती खजुराहो पूरे विश्व में विख्यात है। खजुराहो क्षेत्र की जनता ने भाजपा और मुझ पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उसका ऋण नहीं चुकाया जा सकता। मैं खजुराहो क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध हूं। खजुराहो लोकसभा क्षेत्र में पानी की समस्या थी, प्रधानमंत्री जल्द ही केन-बेतवा लिंक परियोजना का शिलान्यास करने आने वाले हैं। इस परियोजना से समूचे बुंदेलखंड में पानी की समस्या दूर होगी। आप सभी मतदाताओं ने भाजपा पर जो विश्वास व्यक्त किया है उसका असर है कि खजुराहो को जल्द ही ग्रीन सिटी की सौगात मिल सकती है। विश्व विख्यात खजुराहो को ग्रीन सिटी के रूप में विकसित करने कई देश निवेश करना चाहते हैं। खजुराहो क्षेत्र में उद्योग स्थापित करने के लिए पूरा प्रयास किया जाएगा।


कार्यक्रम में मंच पर प्रदेश शासन के मंत्री दिलीप अहिरवार, जिलाध्यक्ष चन्द्रभान सिंह गौतम, विधायक अरविन्द पटैरिया, पूर्व विधायक उमेश शुक्ला, विजय बहादुर सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष मलखान सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष अरूण अवस्थी, लोकसभा प्रभारी सदानंद गौतम, विधानसभा संयोजक छविलाल पटेल, विधानसभा प्रभारी लोकपाल सिंह बुन्देला, संजय रायकवार, जीतू वर्मा, अरविन्द त्रिपाठी, उपमा त्रिपाठी, ज्योति अग्रवाल सहित राजनगर विधानसभा के बूथ स्तर के कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि व पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।


Share on Google Plus

click newsroom

    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

Post a Comment