....

लाड़ली बहनों के लिए खातों में 10 नवंबर को फिर आएंगे पैसे, सीएम शिवराज सिंह ने आलीराजपुर में कहा


आलीराजपुर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह 20 दिन में दूसरी बार आलीराजपुर जिले के दौरे पर पहुंचे। महाराष्ट्र-गुजरात की सीमा पर मथवाड़ में रानी काजल माता मंदिर में दर्शन के बाद उन्होंने चुनावी सभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 10 तारीख को लाड़ली बहना के खातों में पैसा आएगा। इसके लिए आचार संहिता से पहले ही पैसे इकट्ठे करके रख दिए थे। अब इस योजना को कोई भी बंद नहीं कर सकता। कांग्रेसी चुनाव आयोग में मेरी शिकायत कर रहे कि मामा तो पैसे डाल रहा है। इनको बड़ी चिंता हो रही कि पैसे क्यों डाल रहा। जलने वाले जलें, हम तो खाते में पैसा डालेंगे। उन्होंने कहा कि ये (कांग्रेस) बेईमान सरकार में आ गए तो लाड़ली बहनों के खातों में पैसा डालना बंद कर देंगे।



डंके की चोट पर डालूंगा पैसा

 मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि लाड़ली बहनों से कहा कि कांग्रेस ने उनकी शिकायत चुनाव आयोग से की थी कि शिवराज चुपचाप महिलाओं के खातों में पैसे डाल रहा है। मैं चुपचाप पैसा क्यों डालूं, डंके की चोट पर आने वाली 10 तारीख को सभी लाड़ली बहनों के खातों में 1250 रुपये डालूंगा। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस सरकार आ गई तो सारी योजनाएं बंद कर देगी। इसलिए सभी महिलाएं व मतदाता भाजपा को जिताएं। उन्होंने कई योजनाओं का गुणगान किया। इसके बाद मुख्यमंत्री शाजापुर के लिए रवाना हो गए।


थांदला में बनाएंगे शंभू माता लोक

झाबुआ जिले के थांदला में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान निर्धारित समय से दो घंटे देरी से पहुंचे। इस कारण रोड शो निरस्त कर दिया गया। हेलीपेड से सीधे वह देवीगढ़ स्थित शंभू माता मंदिर पहुंचे। उन्होंने माताजी के दर्शन किए, फिर कार्यक्रम स्थल पर आए। उन्होंने सबसे पहले देरी से आने पर क्षमायाचना की। कहा कि आज तो वह माताजी दर्शन के लिए आए हैं। आगामी दिनों में फिर आएंगे। रोड शो के साथ आमसभा भी आयोजित की जाएगी। उन्होंने यहां शंभू माता स्थल पर लोक बनाने की बात कही।

Share on Google Plus

click News India Host

    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

Post a Comment