भोपाल : 16 जुलाई | मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 16 जुलाई (रविवार) को बड़वानी और धार से मध्य प्रदेश में विकास पर्व का शुभारंभ करेंगे। 14 अगस्त तक पूरे प्रदेश में विकास पर्व मनाया जाएगा। इस दौरान प्रदेश के सभी जिलों में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमि-पूजन होगा।
साथ ही जन-सेवा यात्राएं, जन-संवाद, हितग्राही सम्मेलन होंगे। विकास पर्व के दौरान मुख्यमंत्री प्रदेश भर का दौरा कर विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे और कई स्थानों पर रात्रि विश्राम करेंगे। मुख्यमंत्री रोड शो भी करेंगे।
मुख्यमंत्री चौहान ने मुख्यमंत्री निवास के समत्व भवन में वीडियो कांफ्रेंसिंग से विकास पर्व की तैयारियों की समीक्षा की और तैयारियों के संबंध में जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास पर्व का उद्देश्य विभिन्न निर्माण कार्यों, विकास गतिविधियों और सभी शासकीय योजनाओं का प्रत्येक पात्र हितग्राही तक लाभ पहुंचाना है।
संबंधित मंत्री भी वीसी के माध्यम से उपस्थित रहे।वीसी में जन अभियान परिषद के महानिदेशक बीआर नायडू, आयुक्त जनसंपर्क मनीष सिंह, राज्य शिक्षा केंद्र के संचालक धनराजू एस और संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। 25 जुलाई से मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के संयोजन में संत रविदास यात्रा निकाली जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सागर जिले में 102 करोड़ की लागत से संत रविदास मंदिर के निर्माण का कार्य भी शीघ्र प्रारंभ किया जाना है। मुख्यमंत्री ने विकास पर्व के लोगो का विमोचन भी किया।
विभिन्न योजनाओें के हितग्राही सम्मेलन होंगेविकास पर्व के दौरान विभिन्न योजनाओं में प्रधानमंत्री आवास, मुख्यमंत्री भू-अधिकार, दीनदयाल रसोई, मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन, जल-जीवन मिशन, स्वामित्व योजना, संबल, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री किसान-कल्याण योजना, मुख्यमंत्री कृषक ब्याज माफी आदि योजनाओं और महिला सशक्तीकरण, युवा कल्याण, स्व-रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुशासन संबंधी योजनाओं के हितग्राही सम्मेलन किए जाएंगे।
पर्व अवधि में सभी जिलों में मंत्री, सांसद, विधायक तथा स्थानीय जन-प्रतिनिधियों की उपस्थिति में जिला, तहसील, विकासखंड स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम होंगे। सीएम हेल्पलाइन पर विकास पर्व के लिए तैयार किए गए पोर्टल पर सभी कार्यक्रमों की तिथिवार जानकारी अपलोड होगी। होने वाले सभी भूमि-पूजन, लोकार्पण का पूरा विवरण पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा।
0 comments:
Post a Comment