भिंड से बसपा विधायक संजीव सिंह संजू आज मंगलवार को भाजपा में शामिल होंगे। भोपाल प्रदेश कार्यालय में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा के आला पदाधिकारियों की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता लेंगे। भिंड विधायक भोपाल में मुख्यमंत्री और भाजपा के बड़े नेताओं के संपर्क में हैं। सोमवार दोपहर बाद से उनके समर्थक और कार्यकर्ता भी भोपाल के लिए रवाना हो रहे हैं। संजीव सिंह बसपा में विधायक दल के नेता हैं। ऐसे में उनका जाना बसपा के लिए मध्यप्रदेश और भिंड में बड़ा झटका है।
विधायक के पिता भाजपा से चार बार सांसद रहेः भिंड विधायक संजीव सिंह संजू का भाजपा से पुराना नाता है। भाजपा उनका पुराना घर है। संजीव सिंह के पिता डा. रामलखन सिंह भिंड-दतिया लोकसभा क्षेत्र से लगातार चार बार भाजपा से सांसद और भिंड से एक बार विधायक रहे हैं। संजीव सिंह भारतीय जनता युवा मोर्चा में प्रदेश पदाधिकारी और जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुके हैं। वर्ष 2013 में संजीव सिंह और उनके पिता डा. रामलखन सिंह भाजपा छोड़कर बसपा में शामिल हो गए थे। मंगलवार को विधायक संजीव सिंह अपने समर्थकों अैर कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा की सदस्यता लेकर घर वापसी कर रहे हैं। उनके भाजपा में जाने की खबर से ही कार्यकर्ताओं में उत्साह है।
वर्ष 2018 में बड़े अंतर से जीतकर विधायक बनेः संजीव सिंह संजू ने वर्ष 2013 में भाजपा छोड़कर बसपा से विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन जीत उनकी झोली में नहीं आई थी। वर्ष 2018 का चुनाव भी संजीव सिंह बसपा से लड़े। यह चुनाव संजीव सिंह ने 35 हजार 896 वोटों के अंतर से जीता था। जीत के इस बड़े अंतर से पूर्व मंत्री चौधरी राकेश सिंह चतुर्वेदी और विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह को हराकर संजीव सिंह विधानसभा पहुंचे। वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में उनकी यह जीत अंचल की सबसे बड़ी जीत रही। अब उनके भाजपा में वापस आने से जिले में राजनीति के समीकरण फिर से बदलेंगे।
बस और चार पहिया वाहनों से रवाना हुए कार्यकर्ताः भिंड विधायक संजीव सिंह के भाजपा में शामिल होने की खबर से सोमवार दोपहर बाद से ही कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आ रहा था। दोपहर तक उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलें लगाईं जा रही थीं, लेकिन दोपहर बाद शाम होते-होते इन अटकलों की पुष्टि होने लगी। विधायक के खास समर्थक और कार्यकर्ता बस और चार पहिया वाहनों से भोपाल के लिए रवाना हुए हैं। माना जा रहा है, मंगलवार को संजीव सिंह बड़ी रैली के साथ भोपाल में भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने पहुंचेंगे।
0 comments:
Post a Comment