....

PM नरेन्द्र मोदी ने क्रूज पर सवार हो देखी गंगा आरती, वाराणसी में मनाया गया शिव दीपोत्सव

 



वाराणसी :
 श्रीकाशी विश्वनाथ धाम लोकार्पण के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गंगा आरती के गवाह बने। इस दौरान शहर में शिव दीपोत्सव मनाया जा रहा है। देव दीपावली जैसे इस उत्सव के मनोहरी दृश्य को जलयान में ही सवार होकर निहारा। गंगा के दोनों किनारों (रिवर फ्रंट) को लाइटिंग से सजाया गया है। घाटों को दीयों से रोशन किया गया है। नावों पर लाइटिंग की गई है। गंगा किनारे की इमारतों पर भी विशेष लाइटिंग की गई है।

700 करोड़ की लागत से 33 महीने में तैयार हुए श्री काशी विश्वनाथ धाम का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कर दिया है। काशी में सुबह से ही उत्सव चल रहा है। पीएम मोदी नाव पर बैठकर दशाश्वमेध घाट पहुंचे और गंगा आरती देखी। इस दौरान 21 देव कन्याएं और नौ अर्चकों गंगा आरती की। इसके साथ ही घाटों पर 11 हजार दीप जलाए गए। इस दौरान पीएम मोदी ने वाराणसी के गंगा घाट पर लेजर लाइट शो देखा। इसके बाद शानदार आतिशबाजी का आयोजन भी किया गया।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविदास घाट पार्क पहुंचे और फिर वहां से गोल्फ कार्ट से नौका विहार के लिए निकल गए। प्रधानमंत्री के साथ भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री मौजूद रहे। विवेकानंद क्रूज पर बैठने से पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और उनकी पत्नी ने उनका स्वागत किया। विवेकानंद क्रूज पर पहले से ही सवार 11 राज्यों के मुख्यमंत्री ने पीएम का अभिवादन किया। उसके बाद सभी नौका विहार के लिए निकले। 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ क्रूज पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रेमा खांडू, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री विप्लव कुमार देव, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र भाई पटेल, हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बोरेन सिंह, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवाराज बोम्मई आदि मौजूद रहे।

Share on Google Plus

click News India Host

    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

Post a Comment