....

"सबला महिला सभा" अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर सभी ग्राम पंचायतों में होंगी

भोपाल : अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर 8 मार्च को प्रदेश की सभी 22 हजार 812 ग्राम पंचायतों में ''सबला महिला सभा'' का आयोजन किया जाएगा।

इसमें महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक विकास, लोक परम्पराओं तथा सामाजिक कुरीतियों जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी। प्रत्येक ''सबला महिला सभा'' के लिए एक शासकीय महिला अधिकारी/कर्मचारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
अपर मुख्य सचिव ग्रामीण विकास मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि प्रदेश में ''सबला महिला सभा'' के सफल आयोजन की सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। सबला महिला सभा पूरे प्रदेश में एक साथ आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि सबला महिला सभा की अध्यक्षता महिला सरपंच, महिला पंच अथवा वरिष्ठ महिला सदस्य करेंगी। सभा के स्थान और समय की सूचना मुनादी द्वारा ग्राम पंचायत क्षेत्र में दी जाएगी। उन्होंने बताया कि सभा में विचार के लिए रखे जाने वाले विषयों का निर्धारण कर दिया गया है।
सबला महिला सभा में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा महिलाओं, बालिकाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य कार्यक्रमों पर चर्चा की जाएगी। सभा में सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण विभाग द्वारा संचालित कल्याणी पेंशन, कन्या अभिभावक पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों पर चर्चा होगी। महिला सशक्तिकरण, बालिकाओं के जन्म को प्रोत्साहित करने वाले कार्यक्रम भी होंगे। सभा के निर्णयों पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
Share on Google Plus

click Anonymous

    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

Post a Comment