....

हॉकी और शूटिंग खिलाड़ियों को मिली सिंथेटिक टर्फ, स्किट एवं ट्रैप रेंज की सौगात



भोपाल ! मंत्रि-परिषद के सदस्य पी.सी.शर्मा,  सुरेन्द्र सिंह बघेल और जीतू पटवारी ने गोरेगाँव (भोपाल) राज्य शूटिंग अकादमी में हॉकी खिलाड़ियों के लिये 19 करोड़ 96 लाख लागत के 2 सिन्थेटिक टर्फ और शूटिंग खिलाड़ियों के लिये 5 करोड़ 22 लाख लागत के दो ट्रैप एण्ड स्किट रेंज की आधारशिला रखी। मंत्रीगण ने शूटिंग अकादमी का भ्रमण कर खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही खेल सुविधाओं का जायजा लिया और शॉटगन से निशाना भी साधा।
हॉकी की नर्सरी है भोपाल
मंत्री  पी.सी. शर्मा ने कहा कि भोपाल ने हॉकी की नर्सरी के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई है और देश को कई ओलम्पियन खिलाड़ी दिये हैं, जिन्होंने प्रदेश  का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को खेलों में अग्रणी राज्य बनाने के लिए मुख्यमंत्री  कमल नाथ एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री  जीतू पटवारी निरंतर प्रयासरत हैं।  शर्मा ने खिलाड़ियों को परिश्रम कर प्रतिभा निखारने और खेलों में कैरियर बनाने के लिए प्रोत्साहित किया। जनसम्पर्क मंत्री ने बताया कि गोरेगाँव में विश्व स्तरीय फुटबॉल स्टेडियम बनाने के लिये 50 एकड़ जमीन आरक्षित की गई है। स्टेडियम के निर्माण के बारे में शीघ्र निर्णय लिया जायेगा।
6 हॉकी सिन्थेटिक टर्फ वाला पहला शहर बना भोपाल
मंत्री  जीतू पटवारी ने प्रदेश में संचालित 24 हॉकी फीडर सेंटर और महिला एवं पुरूष हॉकी अकादमी का उल्लेख करते हुए कहा कि हॉकी के क्षेत्र में प्रदेश में जितने संसाधन हैं, उतने अन्य किसी प्रदेश में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों को उच्च-स्तरीय खेल सुविधाएं और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए मध्यप्रदेश सरकार वचनबद्ध है।  पटवारी ने कहा कि प्रदेश को खेलों में नंबर वन राज्य बनाने के मुख्यमंत्री  कमल नाथ के स्वप्न को साकार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भोपाल देश का पहला ऐसा शहर होगा, जहां 6 सिंथेटिक टर्फ खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध होंगे। इससे मध्यप्रदेश को अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट की मेजबानी का अवसर मिलेगा और स्पोर्ट्स टूरिज्म को भी बढ़ावा मिलेगा।

Share on Google Plus

click vishvas shukla

    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

Post a Comment