भोपाल : दो दिन की बारिश से ही बड़े तालाब और कोलार डैम के जल स्तर में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। बड़े तालाब का जल स्तर 1.15 फीट तक बढ़ गया है। यानी शहरवासियों को महीने भर का पानी मिल गया है। वहीं, कोलार डैम के पानी में करीब आधा मीटर का इजाफा हुआ है। यदि इसी गति से जल स्तर में बढ़ोतरी होती रही तो जल संकट की समस्या से शहरवासी उबर जाएंगे।
शुक्रवार को बड़े तालाब का जल स्तर 1651.80 फीट तक पहुंच गया। जबकि, बारिश होने से पहले तालाब का जल स्तर 1650.65 फीट था। पहले दिन की बारिश से तालाब का लेवल 1651.20 फीट दर्ज किया गया था। यानी दो दिनों में 1.15 फीट का इजाफा हुआ है। तालाब का फुल टैंक लेवल 1666.80 फीट है।
इसी तरह कोलार डैम का जल स्तर दो दिन पहले 441.62 मीटर था। पहले दिन की बारिश में डैम का लेवल 441.74 मीटर पहुंच गया। वहीं, शुक्रवार दोपहर तक कोलार डैम का लेवल 442.10 मीटर दर्ज किया गया। यानी 0.48 मीटर पानी की बढ़ोतरी हुई। संभावना जताई जा रही है कि रात तक पानी के लेवल में और बढ़ोतरी होगी। कोलार डैम का फुल टैंक लेवल 462.20 मीटर है।
0 comments:
Post a Comment