....

International Yoga Day : केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने लाल परेड ग्राउंड पर स्कूल-कॉलेज के बच्चों के साथ किया योगा

भोपाल।    दूसरे विश्व योग दिवस पर राजधानी के लाल परेड ग्राउंड में स्कूली-कॉलेज के बच्चों के साथ लोगों को योग का महत्व बताने केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी मौजूद थीं। इस मौके पर उन्होंने योगा के कई स्टेप्स करके बताए।
 यूँ तो उन्होंने बहुत से आसन और प्राणायाम ठीक किए लेकिन ताड़ासन और शशांक आसन(खरगोश की आकृति) ठीक से नहीं कर पाईं। वहीं मेयर भोपाल आलोक संजर और सांसद आलोक शर्मा भी कई आसन में डगमगाते रहे। 

भोपाल सहित प्रदेशभर में सामूहिक योग प्रदर्शन के कार्यक्रम हुआ। लाल परेड मैदान पर राज्य-स्तरीय सामूहिक योग कार्यक्रम 7 से 8 बजे तक आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाग लेने के लिए सुबह 6.30 बजे से लोगों का आगमन शुरू हो गया था।
 कार्यक्रम की मुख्य अतिथि केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी थीं। स्मृति ईरानी 6.49 मिनट पर मंच पर पहुंच गई थीं। उन्होंने बमुश्किल दो-तीन मिनट में अपनी बात रखी और फिर योगाभ्यास कराया। 

स्मृति के साथ मंच पर मुख्य सचिव अंटोनी डिसा, मेयर आलोक शर्मा और सांसद आलोक संजर के अलावा विधायक विश्वास सारंग और रामेश्वर शर्मा के अलावा अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे। स्मृति ने कई आसन ठीक से किए, लेकिन ताड़ासन और शशांक आसन करते समय उनकी पोजिशन ठीक नहीं आई। 

शशांक का अर्थ होता है खरगोश। इस आसन में बैठते समय व्यक्ति का आकार खरगोश के समान हो जाता है, इसलिए इसे शशांकासन कहते हैं। जबकि ताड़ासन में पेड़ की तरह खड़े होना पड़ता है। वहीं मेयर, सांसद और विधायक भी कई आसन में अपनी पोजिशन ठीक नहीं बना पाए।

केंद्रीय मंत्री ने योग को राष्ट्रीय एकता के लिए एक अच्छी पहल बताया। उन्होंने कहा कि सभी को योग करना चाहिए। ईरानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर अब कई देशों में कार्यक्रम होने लगे हैं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के संदेश का प्रसारण हुआ। योग कार्यक्रम का प्रसारण ऑल इंडिया रेडियो के माध्यम से एक साथ किया गया।
Share on Google Plus

click News India Host

    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

Post a Comment