भोपाल (MP) : प्रदेश भाजपा के संगठन महामंत्री बदलने के बाद अब संभागीय स्तर पर भी संगठन मंत्रियों की कमान संघ के प्रचारकों के हाथ में होगी।
गृहस्थ व्यक्तियों को संगठन मंत्री के प्रभार से मुक्त किया जाएगा। पूर्णकालिक प्रचारक को ही संगठन मंत्री बनाया जाएगा।
संभाग एवं जिला स्तर पर संगठन मंत्री की तैनाती का प्रयोग सफल नहीं माना गया। इसलिए संघ ने संगठन में नए सिरे से कसावट और अनुशासन लाने के लिए रणनीति बनाई है।
इस संबंध में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान की भी संघ के नेताओं से चर्चा हुई है। प्रदेश में इसी फार्मूला पर अमल होगा।
कुछ महीने पहले संघ के ही निर्देश पर जिलों में तैनात संगठन मंत्रियों को कार्यमुक्त कर दिया गया था।
अभी चुनिंदा संभागों में संगठन मंत्री बचे हैं, इनमें इंदौर में शैलेंद्र बरुआ, ग्वालियर में प्रदीप जोशी, रीवा में चंद्रशेखर झा, उज्जैन में राकेश डागोर एवं नर्मदापुरम संभाग में जितेंद्र लिटोरिया काम कर रहे हैं। इनमें से ज्यादातर शादी-शुदा हैं।
संघ के कई पदाधिकारियों का मानना है कि संभाग स्तर पर भी प्रचारकों व पूर्णकालिकों को कमान सौंपी जाए। इसके लिए संघ कुछ और पूर्णकालिकों की सेवाए भाजपा को सौंपने का विचार कर रही है।
भगत से मिले प्रदेश अध्यक्ष चौहान: प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने मंगलवार सुबह संघ मुख्यालय 'समिधा" जाकर नवनियुक्त संगठन महामंत्री सुहास कुमार भगत से मुलाकात की थी।
दोनों के बीच करीब सवा घंटे तक पार्टी के विभिन्न् मुद्दों पर विचार विमर्श हुआ था। इसी दौरान संगठन मंत्री सहित अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की गई थी।
0 comments:
Post a Comment