शाहरूख खान के खिलाफ अपनी टिप्पणियों के कारण आलोचना का शिकार बन रहे भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय ने अपने विवादास्पद ट्वीट आज वापस ले लिए, लेकिन उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि भारत में असहिष्णुता का माहौल होता, तो शाहरुख अमिताभ बच्चन के बाद सर्वाधिक लोकप्रिय अभिनेता नहीं होते। उन्होंने माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर कहा कि मेरा इरादा किसी को आहत करने का नहीं था। मैं कल किए गए अपने ट्वीट वापस लेता हूं।
इस बीच पार्टी ने शाहरूख के खिलाफ विजयवर्गीय द्वारा पूर्व में की गई टिप्पणियों से खुद को दूर रखते हुए कहा कि ये भाजपा के विचार नहीं हैं। भाजपा महासचिव ने एक अन्य ट्वीट में कहा कि यदि भारत में असहिष्णुता होती तो, अमिताभ बच्चन के बाद शाहरूख सबसे लोकप्रिय अभिनेता नहीं होते। कुछ लोगों ने मेरे ट्वीट का अलग अर्थ निकाल लिया।
विजयवर्गीय ने कल यह ट्वीट करके विवाद खड़ा कर दिया था, कि शाहरूख रहते भारत में हैं, लेकिन उनका मन पाकिस्तान में रहता है। अभिनेता ने कहा था कि देश में अत्यधिक असहिष्णुता है जिसके एक दिन बाद विजयवर्गीय ने यह टिप्पणी की थी।
इस बीच भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री एम वेकैंया नायडू ने कहा कि विजयवर्गीय ने जो कहा, वे भाजपा के विचार नहीं हैं। नायडू ने कहा कि हमने देखा नहीं है कि उन्होंने वास्तव में कहा क्या है। जो बताया जा रहा है, वे पार्टी के विचार नहीं हैं। हम सामान्य तौर पर व्यक्तियों पर टिप्पणी भी नहीं करते हैं। उन्होंने कहा कि हमें शाहरूख खान से कोई समस्या नहीं है। वह शानदार अभिनेता हैं। निस्संदेह लोग उनकी सराहना करते हैं, लेकिन विजयवर्गीय ने असल में क्या कहा है, मैंने अभी वह पढ़ा नहीं है।
शाहरूख के खिलाफ अपने ट्वीट के कारण विजयवर्गीय की चौतरफा आलोचना हो रही है। तणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता डेरेक ओ ब्रायन ने इन ट्वीट को दु:खद करार दिया है। डेरेक ने बयान में कहा कि भाजपा महासचिव और बंगाल प्रभारी ने शाहरूख खान के खिलाफ दु:खद टिप्पणियां की हैं। यह कैसी सोच है, हर कोई बुरा है और केवल आप ही अच्छे हैं।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी बॉलीवुड सुपरस्टार के समर्थन में आगे आए हैं। उन्होंने ट्वीट किया, शाहरूख खान, हमें आप पर गर्व है। उम्मीद है कि आपके शब्द एक सहिष्णु, समावेशी और प्रगतिशील भारत के निर्माण में मदद करेंगे।
वहीं, फिल्म अभिनेता शाहरूख खान द्वारा देश में कथित असहिष्णुता को लेकर दिए बयान के बाद मध्य प्रदेश के इंदौर में बहुत से युवाओं ने उनका पुतला फूंका। युवाओं ने शाहरूख के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवाओं को समझाइश देकर शांत किया। आक्रोशित युवा विजयवर्गीय के समर्थक बताये जा रहे हैं।
इधर, कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह नें ट्वीट कर पीएम नरेंद्र मोदी पर हमला किया है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि मैं भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय के बयान की निंदा करता हूं। मोदी को इस मामले पर शाहरूख खान से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शाहरूख को चिंता करने की जरुरत नहीं है। हम उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि कैलाश विजयवर्गीय ने शाहरूख को देशद्रोही बताया है। इस बारे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का क्या सोचना है? क्या वे कैलाश विजयवर्गीय के खिलाफ एक्शन लेंगे?
0 comments:
Post a Comment