....

बिलासपुर में मनियारी नदी पर बनेगा नया पुल, 15 साल पुरानी मांग पूरी; 7.67 करोड़ रुपये मंजूर

 छत्तीसगढ़ के तखतपुर-बरेला मार्ग पर मनियारी नदी में बने अंग्रेजों के जमाने के पुराने और जर्जर पुल की जगह अब नया उच्चस्तरीय पुल बनाया जाएगा। राज्य शासन ने पुल और उसके पहुंच मार्ग के निर्माण के लिए 7 करोड़ 67 लाख 11 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। इस फैसले से क्षेत्र के लोगों को बारिश के दौरान आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है। 




15 वर्षों से हो रही थी नए पुल की मांग
मनियारी नदी पर स्थित पुराने पुल की ऊंचाई कम होने के कारण बरसात के दिनों में नदी का जलस्तर बढ़ते ही पानी पुल के ऊपर से बहने लगता था। ऐसी स्थिति में तखतपुर, बरेला और आसपास के ग्रामीण इलाकों का संपर्क प्रभावित हो जाता था। क्षेत्र के लोग करीब 15 वर्षों से यहां नए पुल के निर्माण की मांग कर रहे थे। इस संबंध में कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपे गए।

लोक निर्माण मंत्री अरुण साव की पहल
क्षेत्रीय विधायक धर्मजीत सिंह की पहल पर उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद पुल निर्माण के लिए राशि स्वीकृत की गई है। परियोजना के तहत मौजूदा जलमग्नीय पुल के स्थान पर उच्चस्तरीय पुल और पहुंच मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। इससे बारिश के दौरान सड़क संपर्क बनाए रखने में मदद मिलने की उम्मीद है। 

विद्यार्थियों, किसानों और मरीजों को मिलेगी राहत
पुराने पुल पर पानी भरने से स्कूली बच्चों, किसानों, व्यापारियों और आम यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। कई बार आपातकालीन स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भी दिक्कतें आती थीं। नया पुल बनने से इन समस्याओं में कमी आने और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के बीच आवागमन अधिक सुरक्षित होने की उम्मीद है।

क्षेत्रीय विकास को मिलेगी गति
मनियारी नदी पर नया पुल बनने से तखतपुर-बरेला मार्ग की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इससे ग्रामीणों को रोजमर्रा के आवागमन के साथ कृषि और व्यापार संबंधी गतिविधियों में भी सुविधा मिल सकती है। अब क्षेत्रवासियों की नजर निर्माण कार्य शुरू होने और निर्धारित समय-सीमा में पुल तैयार होने पर है।

Share on Google Plus

click XYZ

    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

Post a Comment