जिम्बाब्वे टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का एलान, संजू सैमसन बाहर
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सोमवार (06 जुलाई) को जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम इंडिया का एलान कर दिया है. स्क्वॉड से विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन का नाम गायब रहा. वहीं तेज गेंदबाज मयंक यादव की वापसी हुई. इसके अलावा कुछ अनकैप्ड खिलाड़ियों को भी स्क्वॉड का हिस्सा बनाया गया है. सीरीज 23 जुलाई से शुरू होगी, जिसके लिए टीम इंडिया जिम्बाब्वे का दौरा करेगी. सभी मैच हरारे में होंगे.
15 साल के वैभव सूर्यवंशी को इस सीरीज में भी जगह दी गई है. जैसे इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 में भारत की प्लेइंग 11 से संजू की जगह वैभव को जगह दी गई थी. वैसे ही स्क्वॉड में भी संजू की जगह वैभव को मौका दिया है. हालांकि बोर्ड ने संजू के बाहर होने का कोई कारण नहीं बताया है.
मयंक यादव और रिंकू सिंह की वापसी, अनकैप्ड खिलाड़ियों को भी मौका
पिछले दो साल से इंजरी के कारण बाहर चल रहे तेज गेंदबाज मयंक यादव को भी टीम का हिस्सा बनाया गया है. उन्होंने भारत के लिए पिछला मैच अक्टूबर 2024 में खेला था. इसके अलावा बाएं हाथ के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह की भी वापसी हुई है. रिंकू ने मेन इन ब्लू के लिए पिछला मैच इस साल फरवरी में खेला था. आयरलैंड और इंग्लैंड टी20 सीरीज में उन्हें जगह नहीं मिली थी.
वहीं टीम में अनकैप्ड तेज गेंदबाज यश ठाकुर, अशोक शर्मा और विकेटकीपर बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह को शामिल किया गया. यश और प्रभसिमरन पंजाब किंग्स के लिए खेलते हैं. अशोक शर्मा गुजरात टाइटंस का हिस्सा हैं.

0 comments:
Post a Comment