भोजपुर-बक्सर MLC उपचुनाव के लिए NDA ने किया उम्मीदवार का ऐलान
भोजपुर-बक्सर एमएलसी उपचुनाव को लेकर NDA ने कन्हैया प्रसाद को अपना उम्मीदवार बनाया है. सीएम नीतीश कुमार ने रविवार (12 अप्रैल) को JDU के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और संदेश विधायक राधाचरण साह की उपस्थिति में कन्हैया के नाम पर मुहर लगाई. इसके बाद औपचारिक तौर पर उन्हें उम्मीदवार बनाने को लेकर सहमति पत्र दिया.
भोजपुर-बक्सर स्थानीय प्राधिकार क्षेत्र से एमएलसी का उपचुनाव को लेकर 23 अप्रैल नामांकन की आखिरी तारीख है. नामांकन पत्रों की जांच 24 अप्रैल को होगी. 27 अप्रैल को नामांकन वापसी की आखिरी तारीख है. मतदान 12 मई 2026 को होगा जबकि 14 मई को वोटों की गिनती होगी.
कौन हैं कन्हैया प्रसाद?
कन्हैया प्रसाद विधायक राधाचरण साह के बेटे हैं. राधाचरण साह के MLA बनने के बाद विधान परिषद की सीट खाली हुई है. साह 2025 के विधानसभा चुनाव में संदेश से जीत हासिल की थी. अब एनडीए के उम्मीदवार कन्हैया प्रसाद का आरजेडी के सोनू कुमार राय से मुकाबला होगा. उनके पिता पहले RJD में थे बाद में जेडीयू में शामिल हो गए.
राधाचरण साह ने JDU नेतृत्व का जताया आभार
संदेश विधायक राधाचरण साह ने जेडीयू नेतृत्व के प्रति आभार जताया है. उन्होंने कहा कि उनके बेटे कन्हैया प्रसाद पर भरोसा जताकर नेतृत्व ने क्षेत्र का मान बढ़ाया है. उन्होंने ये भी भरोसा दिलाया कि कन्हैया पार्टी की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे और इलाके के विकास के लिए निष्ठा से काम करेंगे. वहीं, उम्मीदवार बनाए जाने पर कन्हैया प्रसाद ने मुख्यमंत्री समेत पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व का शुक्रिया अदा किया.
आरजेडी ने सोनू कुमार राय को बनाया है उम्मीदवार
आरजेडी ने शुक्रवार (10 अप्रैल) को अपने प्रत्याशी के नाम की घोषणा की थी. पार्टी ने सोनू कुमार राय को उम्मीदवार बनाया है. सोनू राय के पिता लालदास राय भी MLC रह चुके हैं. प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद ने जानकारी देते हुए बताया था सोनू राय भोजपुर-बक्सर स्थानीय प्राधिकार क्षेत्र से एमएलसी का उपचुनाव लड़ेंगे.

0 comments:
Post a Comment