....

भोपाल से ओरछा-चंदेरी के लिए हवाई सेवा शुरू

 भोपाल से ओरछा-चंदेरी के लिए हवाई सेवा शुरू
मध्यप्रदेश में पर्यटन और धार्मिक यात्राओं को नई गति देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री मोहन यादव ने “पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा” के अंतर्गत भोपाल-चंदेरी-ओरछा सेक्टर की हेलीकॉप्टर सेवा का शुभारंभ किया। राजधानी के स्टेट हैंगर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने यात्रियों को बोर्डिंग पास प्रदान कर हेलीकॉप्टर को झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ओरछा में भगवान श्रीराम राजा के रूप में विराजमान हैं और उनके दर्शन के लिए ‘पुष्पक विमान’ जैसी हेली सेवा की व्यवस्था की गई है। भगवान परशुराम जयंती के शुभ अवसर पर प्रदेश पर्यटन के क्षेत्र में यह एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने बताया कि भोपाल-ओरछा और चंदेरी जैसे विरासत शहरों को इस सेवा से जोड़ा गया है, जो पौराणिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक महत्व रखते हैं। 




सरकार सभी वर्गों के लिए समान रूप से काम कर रही 
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में तेजी से विकसित हो रहे एविएशन सेक्टर से महाराष्ट्र सहित कई राज्य प्रेरणा ले रहे हैं। हेली पर्यटन सेवा का उद्देश्य धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंच को सुगम, सुरक्षित और आनंददायक बनाना है, जिससे पर्यटकों का समय बचेगा और यात्रा का अनुभव बेहतर होगा। उन्होंने भगवान परशुराम के साहस, पराक्रम और धर्म के प्रति समर्पण का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका जीवन समाज को प्रेरणा देता है। ऐसे पावन अवसर पर प्रदेश को यह सेवा समर्पित की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सभी वर्गों के लिए समान रूप से कार्य कर रही है और जरूरतमंदों के लिए पीएमश्री एयर एंबुलेंस सेवा की पहल देश में सबसे पहले मध्यप्रदेश ने की है। 

हेली सेवा से पर्यटन गतिविधियों का विस्तार होगा 
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के विस्तृत भौगोलिक क्षेत्र और विविध पर्यटन संभावनाओं को देखते हुए हेली सेवा से पर्यटन गतिविधियों का विस्तार होगा, जिससे आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। राज्य सरकार पर्यटन को प्राथमिकता देते हुए हवाई, रेल, सड़क और जल परिवहन के क्षेत्र में लगातार विस्तार कर रही है। उन्होंने बताया कि इससे पहले ओंकारेश्वर-महाकालेश्वर-इंदौर तथा कान्हा-बांधवगढ़-मैहर-अमरकंटक-चित्रकूट सेक्टर में हेली सेवा शुरू की जा चुकी है और अब यह तीसरा सेक्टर है। 

Share on Google Plus

click XYZ

    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

Post a Comment