'ईरान एनरिच्ड यूरेनियम देने को तैयार', डोनाल्ड ट्रंप ने किया बड़ा दावा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर बड़ा दावा किया है। ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि ईरान अपने संवर्धित यूरेनियम (Enriched Uranium) का जखीरा सौंपने पर सहमत हो गया है। ट्रंप ने इस घटनाक्रम को वर्तमान में चल रही बातचीत में बड़ी सफलता बताया और दावा किया कि दोनों पक्षों में चल रहा टकराव खत्म हो सकता है।
वाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, वे हमें न्यूक्लियर डस्ट वापस देने पर राजी हो गए हैं। उन्होंने आगे कहा कि 'इस बात की बहुत अच्छी संभावना है कि हम कोई समझौता कर लेंगे।' ट्रंप ने दावा किया कि अगर यह डील हो जाती है तो तेल मुफ्त मिलेगा, होर्मुज जलडमरूमध्य खुला रहेगा और 'सब कुछ बहुत अच्छा होगा।'
ईरान के साथ बातचीत पर बोले ट्रंप
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत का अगला दौर इसी वीकेंड हो सकता है, जो दिखाता है कि कूटनीतिक प्रयास आगे की दिशा में बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि तेहरान अब पहले से ज्यादा लचीला है लेकिन साथ ही सीजफायर को आगे बढ़ाने पर शक जाहिर किया। ट्रंप ने यह भी कहा कि अगर इस्लामाबाद में समझौते पर हस्ताक्षर होते हैं, तो वह पाकिस्तान जा सकते हैं।
ईरान के यूरेनियम पर नजर
वॉशिंगटन ने बातचीत में इस बात पर जोर दिया है कि ईरान से किसी भी तरह का संवर्धित यूरेनियम हटा दिया जाए।
ईरान के दो सूत्रों ने बताया कि संवर्धित यूरेनियम के भंडार पर एक समझौता हो सकता है।
तेहरान इस भंडार का कुछ हिस्सा (पूरा नहीं) देश से बाहर भेजने पर विचार कर कर रहा है।
दोबारा युद्ध की धमकी
शांति की उम्मीद के साथ ही ट्रंप ने चेतावनी दी कि अगर बातचीत टूटती है तो लड़ाई फिर से शुरू हो सकती है। उन्होंने कहा, अगर कोई समझौता नहीं होता तो लड़ाई फिर से शुरू हो जाएगी। इस बीच अमेरिकी अधिकारियों ने संकेत दिया है कि ईरान अब ऐसी कई रियायतें देने को तैयार है, जो दो महीने पहले वह चर्चा भी करना नहीं चाहता था।

0 comments:
Post a Comment