प्रधानमंत्री श्री मोदी मध्यप्रदेश के लिए आधुनिक भगीरथ : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य जहां नदियों को जोड़ने के अभियान की हुई शुरूआत
भोपाल : प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि पिछले 1 वर्ष में मध्यप्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिली है। आज मध्यप्रदेश में हजारों करोड़ की विकास परियोजनाओं की शुरुआत हुई है। भूतपूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेई के सपने को साकार करती हुई देश की पहली नदी जोड़ी परियोजना केन-बेतवा का आज यहाँ शिलान्यास हुआ है। इसके साथ ही देश के पहले फ्लोटिंग सोलर पॉवर प्रोजेक्ट, ओंकारेश्वर का भी शिलान्यास हुआ है। इसके लिए मध्यप्रदेश के "कर्मठ मुख्यमंत्री" डॉ. मोहन यादव की सरकार और यहां की जनता को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने अपने संबोधन की शुरूआत बुंदेलखंडी बोली में करते हुए कहा, 'वीरों की धरती ई बुंदेलखंड पे रहबे बारे सबई जनन खों हमाई तरफ से हाथ जोड़के राम-राम पौंचे'। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि देश के विकास में अटल जी का योगदान सदैव याद रखा जाएगा। वे सुशासन के प्रतीक थे।
आज उनकी जन्म शताब्दी के अवसर पर उनकी स्मृति में मध्यप्रदेश में 1153 अटल ग्राम सेवा सदन का निर्माण प्रारंभ हो रहा है, जिसकी पहली किश्त भी जारी की गई है। सुशासन हमारी सरकार की पहचान है। हमारे लिए जनहित, जनकल्याण और विकास सर्वोपरि है। हम जन सामान्य के लिए समर्पित हैं। आजादी के दीवानों ने देश के लिए अपना लहू बहाया था, हम उनके सपनों को पूरा करने के लिए पसीना बहाते हैं। अच्छी योजनाओं के साथ ही उन्हें लागू करना और उनका लाभ 100% लाभार्थी तक पहुंचाना सुशासन का पैमाना है।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि केन-बेतवा लिंक परियोजना से बुंदेलखंड क्षेत्र की समृद्धि और खुशहाली के द्वार खुलेंगे। बुंदेलखंड क्षेत्र में बूंद-बूंद पानी के लिए संघर्ष किया है, परंतु पूर्ववर्ती सरकारों ने जल संकट का कोई स्थाई समाधान नहीं निकाला। आजादी के सात दशक बाद भी राज्यों के बीच नदियों के जल के लेकर विवाद चलते रहे, परंतु उन्हें दूर करने का कोई ठोस प्रयास नहीं किया गया। जब अटल जी की सरकार बनी तो उन्होंने नदी जोड़ो के रूप में इसका स्थाई हल निकाला और उसका कार्य भी शुरू कर दिया गया, परन्तु 2004 के बाद वह बंद कर दिया गया। आज अटल जी का नदी जोड़ने का सपना मध्यप्रदेश की भूमि पर साकार होने जा रहा है।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने जल शक्ति और जल संसाधन के विकास के लिए लिए बाबा साहेब अंबेडकर के विजन और किए गए प्रयासों की सराहना भी की।प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि हमारा मध्यप्रदेश पर्यटन में अव्वल है। एक अमेरिकी अखबार की रिपोर्ट के अनुसार मध्यप्रदेश दुनिया के 10 सबसे बड़े आकर्षक टूरिस्ट डेस्टिनेशन में शामिल है। हमारी सरकार देश-विदेश की पर्यटकों को सुविधाएं बढ़ा रही है। विदेशों के लिए ई-वीजा सुविधा प्रारंभ की गई है।
G-20 की खजुराहो में हुई बैठक में एमपी टूरिज्म का प्रचार-प्रसार किया गया। देश में हेरिटेज और वाइल्डलाइफ टूरिज्म का विस्तार किया जा रहा है। इसकी मध्यप्रदेश में अभूतपूर्व संभावना है। केंद्र की स्वदेश दर्शन योजना के अंतर्गत ईको टूरिज्म और हेरिटेज टूरिज्म का विस्तार किया जा रहा है। गांधी सागर, बाणसागर, इंदिरा सागर, ओंकारेश्वर, सांची, खजुराहो, ग्वालियर ओरछा, चंदेरी, मांडू आदि पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। केन-बेतवा योजना की लिंक नहर के माध्यम से पन्ना टाइगर रिजर्व में पर्यटन बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम की मुख्य झलकियां
प्रधानमंत्री श्री मोदी खुली जीप में कार्यक्रम स्थल पर आए। बड़ी संख्या में उपस्थित जनसमुदाय का उन्होंने दोनों हाथ हिलाकर अभिवादन किया। जनता में अभूतपूर्व उत्साह था।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल जी को पुष्पांजलि अर्पित की।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने केन और बेतवा के पवित्र जल को नेशनल प्रोजेक्ट के मॉडल में प्रतीकात्मक रूप से प्रवाहित कर परियोजना का सांकेतिक शिलान्यास किया।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में बनी सरकार के एक साल पूरा होने पर मुख्यमंत्री सहित सभी को बधाई दी।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई शासन की विभिन्न योजनाओं, एवं परियोजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कार्यक्रम स्थल पर प्रदर्शित केन-बेतवा लिंक परियोजना के 3डी मॉडल का अवलोकन भी किया।
प्रधानमंत्री श्री मोदी का बुंदेलखंड के लोकनृत्य कलाकारों द्वारा बधाई नृत्य के साथ स्वागत किया।
कार्यक्रम में स्व. अटल जी के जीवन एवं कार्यों पर केन्द्रित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि आज पूरे विश्व में क्रिसमस की धूम है। मैं ईसाई समुदाय को ढेर सारी बधाई देता हूं।
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कार्यक्रम में पधारे साधु-संतों का पुष्प-वर्षा कर अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में स्थानीय महिलाओं द्वारा कलश यात्रा निकाली गई।
प्रधानमंत्री श्री मोदी को राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री द्वारा स्मृति चिन्ह के रूप में भगवान श्रीराम की बाल्यवस्था की टेराकोटा से बनी मूर्ति एवं खजुराहो के कंदरिया महादेव मंदिर का शिल्प भेंट किया। सांसद श्री वी.डी. शर्मा ने अटल जी की मूर्ति भेंट की।
0 comments:
Post a Comment