....

दुनियाभर के नेताओं ने भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर भावभीनी श्रद्धांजलि दी

 दुनियाभर के नेताओं ने भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर भावभीनी श्रद्धांजलि दी

पड़ोसी देशों सहित विश्‍व के नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी है और एक राजनेता और दूरदर्शी नेता के रूप में उनकी विरासत पर जोर दिया है। उन्होंने आर्थिक प्रगति और कूटनीति में उनके असाधारण योगदान को याद करते हुए हार्दिक संवेदना व्यक्त की है।

अमरीका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने अपने देश की ओर से भारत के लोगों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने डॉ. सिंह को भारत-अमरीका संबंधों के एक महत्वपूर्ण वास्तुकार के रूप में याद किया और उन्हें अमरीका-भारत रणनीतिक साझेदारी के सबसे बड़े नेताओं में से एक बताया। एक आधिकारिक बयान में श्री ब्लिंकन ने कहा कि डॉ. सिंह के काम ने पिछले दो दशकों में भारत और अमरीका ने जो कुछ भी हासिल किया है, उसकी नींव रखी।


ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा ने भारत, ब्राजील, दक्षिण अफ्रीका-आई.बी.एस.ए. वार्ता मंच और ब्रिक्स समूह की स्थापना में मनमोहन सिंह के योगदान को याद किया। मनमोहन सिंह को अपना मित्र बताते हुए श्री लूला ने भारत के लोगों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की। श्री लूला ने कहा कि वे और मनमोहन सिंह 21वीं सदी के पहले दशक में समकालीन सरकार में थे और अपने देशों के बीच संबंधों को बढ़ाने और एक निष्पक्ष दुनिया बनाने के लिए मिलकर काम किया।

पूर्व अफगान राष्ट्रपति हामिद करजई ने सोशल मीडिया पर कहा कि भारत ने अपने सबसे शानदार सुपुत्रों में से एक को खो दिया है। उन्होंने डॉ. सिंह को अफगानिस्तान के लोगों का एक अटूट सहयोगी और मित्र बताया। डॉ. सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्होंने उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद नशीद ने भी सोशल मीडिया पर अपना दुख व्यक्त किया तथा डॉ. सिंह को एक दयालु पिता और मालदीव का प्रिय मित्र बताया।

भारत में रूस के राजदूत डेनिस अलीपोव ने भारत-रूस संबंधों में पूर्व प्रधानमंत्री के महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि यह भारत और रूस के लिए अत्यंत दुख और शोक का क्षण है। उन्होंने कहा कि भारत-रूस द्विपक्षीय संबंधों में डॉ. मनमोहन सिंह का योगदान अतुलनीय है।

नेपाल की विदेश मंत्री डॉ. आरजू राणा देउबा ने नेपाल सरकार और जनता की ओर से शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह एक दूरदर्शी नेता और सच्चे राजनेता थे, भारत के विकास और वैश्विक कूटनीति में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।

मालदीवियन डेमोक्रेटिक पार्टी के अध्यक्ष अब्दुल्ला शाहिद ने भी पूर्व प्रधानमंत्री के निधन पर शोक व्यक्त किया। भारत में फिनलैंड, कोरिया, नॉर्वे के राजदूतों ने भी सोशल मीडिया पर संदेशों के जरिए डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

Share on Google Plus

click vishvas shukla

    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

Post a Comment