....

भारतीय जनता पार्टी की ’’विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति बैठक’’ भोपाल में हुई संपन्न

 भोपाल : सोमवार, जुलाई 8, 2024/ भारतीय जनता पार्टी की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति बैठक रविवार को भोपाल के रविंद्र भवन सभागार में संपन्न हुई। पार्टी नेताओं ने दीप प्रज्जवलित कर एवं महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण के साथ बैठक का शुभारंभ किया। बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो चार जातियां बताई हैं, गरीब, युवा, किसान और महिलाएं, मध्यप्रदेश सरकार इन्हीं को ध्यान में रखकर काम कर रही है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने अपने


अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि पहले विधानसभा और फिर लोकसभा चुनाव में मिली जीत सामूहिकता के साथ पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता द्वारा किए गए परिश्रम का नतीजा है। बैठक के विशिष्ट अतिथि एवं केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि हमने 2023 और 2024 के चुनावों में प्रचंड जीत हासिल की है, लेकिन हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प के अनुरूप विकसित भारत और विकसित मध्यप्रदेश के संकल्प की पूर्ति तक रुकना नहीं हैं। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस और इंडी गठबंधन गलत नैरेटिव सेट करने का प्रयास कर रहे हैं कि उन्होंने चुनाव में जीत हासिल की है। भाजपा कार्यकर्ताओं को कांग्रेस के इस झूठ को बेनकाब करना है। क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि लोकसभा चुनाव में जीत का जो इतिहास रचा है, उसे आगे भी बनाए रखें। भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल का एक आदर्श संगठन कैसा होना चाहिए, वह मध्यप्रदेश के भाजपा संगठन से देखा जा सकता है। प्रदेश सह प्रभारी सतीश उपाध्याय ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान कठोर परिश्रम किया और 100 प्रतिशत परिणाम दिया है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि विधानसभा और लोकसभा चुनाव में मिली जीत जनता की शक्ति और पार्टी के जांबाज कार्यकर्ताओं की मेहनत की जीत है, मैं उन्हें नमन करता हूं। केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि कांग्रेस ने बीते चुनाव में जमकर दुष्प्रचार किया, लेकिन उसका दुष्प्रचार पराजित हुआ और भाजपा कार्यकर्ता जनता का भरोसा जीतने में सफल रहे। प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि कार्यकर्ता जिन बूथों पर हमें सफलता नहीं मिली है, उन्हें जीतने की कार्ययोजना बनाकर जुट जाएं। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी ने किया।


बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हम भाग्यशाली हैं कि हमने पांचवीं बार मध्यप्रदेश में सरकार बनाई है। हमारा लक्ष्य अगले पांच सालों में प्रदेश के बजट को दोगुना करना है और इसकी शुरुआत भी हमने कर दी है। डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार ने कई नई योजनाएं शुरू की हैं और पार्टी कार्यकर्ता इन योजनाओं के माध्यम से जनता की सेवा करने में सरकार की सहायता करें। उन्होंने कहा कि जब हम देखते हैं कि कोई व्यक्ति किसी अपने के शव को साइकिल पर ले जा रहा है, तो यह देखकर बहुत कष्ट होता है। हमारी सरकार ने इस बजट के माध्यम से यह प्रबंध कर दिया है कि ऐसी स्थितियां न बनें। इसके लिए एंबुलेंस या शव वाहन की व्यवस्था की गई है। हमारे कार्यकर्ता भी अपने आसपास निगाह रखें कि यह व्यवस्था ठीक से काम कर रही है या नहीं। कहीं कोई लापरवाही तो नहीं हो रही? अगर हम सजग रहेंगे, तो ऐसी लापरवाही को रोक सकेंगे। डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए खाली पदों पर भर्ती करने जा रही है। जो पद प्रमोशन से भरे जाने थे, उनकी प्रक्रिया में हमारे विरोधियों के रवैये के कारण थोड़ा व्यवधान आया है, जो बार-बार इस मामले को अदालत में ले जाते हैं। रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए हम क्षेत्रीय आधार पर योजना बना रहे हैं। उज्जैन में हुई रीजनल समिट इसका उदाहरण है। अब दूसरी रीजनल समिट इसी महीने 20 जुलाई को जबलपुर में होने वाली है, जिसके माध्यम से बड़े पैमाने पर रोजगार मिलेंगे। कृषि सेक्टर के विकास के लिए भी कई कदम उठाए गए हैं। इसी प्रकार माइनिंग, एविएशन आदि क्षेत्रों में भी कदम उठाए जा रहे हैं। शिक्षा क्षेत्र की बेहतरी के लिए 55 जिलों में 55 एक्सीलेंस कॉलेज इसी महीने प्रारंभ हो रहे हैं। इन कॉलेजों में हम सुविधाएं भी बढ़ा रहे हैं। डॉ. यादव ने कहा कि इस कार्यसमिति में मैंने बजट में किए गए कुछ प्रावधानों को प्रस्तुत किया है, आप सभी से आग्रह है कि व्यापारी संगठनों के माध्यम से, प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से इन बातों को संबंधित वर्गों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने ’ एक पेड़ मां के नाम’ अभियान शुरू किया है।  इस अभियान के अंतर्गत मध्य प्रदेश में साढे 5 करोड़ पेड़ हम लगाने वाले हैं। आप अपने-अपने स्तर पर अपने-अपनी पंचायत तक भी इस एक पेड़ मां के नाम का अभियान का हिस्सा बन सकते हैं।


प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि विधानसभा के चुनाव के पूर्व ग्वालियर में हुई प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में हमारे नेता अमित शाह ने संकल्प दिलाया था कि मध्यप्रदेश में सिर्फ सरकार नहीं बनेगी, बल्कि प्रचंड बहुमत की सरकार बनाएंगे। कार्यकर्ताओं की मेहनत से इस संकल्प की पूर्ति हुई। 2023 के चुनाव में हमने 49 प्रतिशत वोट शेयर हासिल किया और 163 सीटें जीतकर इतिहास रच दिया। हमने नारा दिया था-’मोदी के मन में एमपी और एमपी के मन में मोदी’, जिसे प्रदेश की जनता ने लोकसभा चुनाव में भरपूर आशीर्वाद देकर साकार कर दिया। हमने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लोकसभा चुनाव लड़ा और प्रदेश की सभी 29 सीटें जीतकर रिकॉर्ड बनाया। शर्मा ने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार की योजनाएं लोगों के जीवन में खुशियां ला रही हैं, तो दूसरी तरफ मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार गुड गवर्नेंस को साकार कर रही है। केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं के हितग्राही भारतीय जनता पार्टी की ताकत रहे हैं, लेकिन इन योजनाओं को नीचे तक पहुंचाने में हमारे कार्यकर्ताओं की महत्व्पूर्ण भूमिका रही है और जीत का श्रेय इन्ही कार्यकर्ताओं को जाता है। उन्होंने कहा कि हमारे 41 लाख कार्यकर्ता प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के संकल्प की पूर्ति के लिए बूथ विजय के लिए मैदान में उतरे और झूठ, छल-कपट की राजनीति करने वाली कांग्रेस को उखाड़ फेंका। बूथ के कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर ही हम 59.27 प्रतिशत वोट हासिल करने में सफल रहे और 80.56 प्रतिशत बूथों पर हमने जीत हासिल की। अन्य वर्गों के साथ अजा और अजजा वर्ग में भी भाजपा का मत प्रतिशत बढ़ा है। आने वाले समय में हमें उन क्षेत्रों में अपना वोट शेयर बढ़ाने के प्रयास करना है, जहां अभी हमें कम वोट मिले हैं।


केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने अपने संबोधन में कहा कि हमने विधानसभा चुनाव में 163 सीटें जीती हैं और लोकसभा चुनाव में अभूतपूर्व सफलता हासिल की है। लेकिन इसका कारण क्या है? अकेली योजनाओं से जीत नहीं मिलती, क्योंकि अगर ऐसा होता तो छत्तीसगढ़, तेलंगाना, तमिलनाडु और उड़ीसा में भी सत्ताधारी दलों की जीत होती, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। मध्यप्रदेश पार्टी के उन महापुरुषों की धरती है, जिन्होंने संगठन को खड़ा करने के लिए सिर्फ काम किया, अहंकार नहीं किया। हमें जनहित की योजनाओं के साथ साफ छवि और अहंकार रहित निस्वार्थ कार्यकर्ताओं की टोली की बदौलत यह जीत हासिल हुई है। यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार देश में कई परिवर्तन लाई है। कांग्रेस के जमाने में जहां सिर्फ 15 पैसे गरीब की जेब में पहुंचते थे, आज सरकार की ईमानदारी और नई टेक्नोलॉजी की बदौलत पूरे 100 पैसे खाते में पहुंच रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीब, युवा, महिला और किसान हर वर्ग के लिए काम किया है। वहीं, मध्यप्रदेश जनजाति बहुल राज्य है और हमारी सरकार ने पेसा एक्ट लागू करने समेत महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए अनेक कदम उठाए हैं। यादव ने कहा कि डबल इंजन सरकारों के कामकाज और कार्यकर्ताओं की मेहनत के आधार पर हमने लोकसभा चुनाव में सभी 29 सीटें जीती हैं और देश में 1960 के बाद पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार सरकार बनाने में सफल रहे हैं। लेकिन देश में आज भी कई चुनौतियां हैं। जो कांग्रेस सुशासन और नीतियों के आधार पर भारतीय जनता पार्टी का मुकाबला नहीं कर सकती, वो अब नकारात्मकता के साथ षडयंत्र रच रही है। उसके नेता आरोपों की राजनीति कर रहे हैं। चुनावों के दौरान भी कांग्रेस ने आरक्षण और संविधान को लेकर झूठ फैलाया था। जबकि वास्तविकता यह है कि कांग्रेस हमेशा न्यायालय, चुनाव आयोग पर हमला करती रही है, संसद और लोकतंत्र का मखौल उड़ा रही है। हमें इसके खिलाफ जन जागरण करना है और विकसित भारत के साथ विकसित म.प्र.बनाने के लिए काम करना है।


विस्तारित प्रदेश कार्य समिति की बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सफलता भाजपा और एनडीए गठबंधन को मिली है। कांग्रेस पार्टी इस लोकसभा चुनाव में 13 राज्यों में खाता नहीं खोल पाई है। इंडी गठबंधन इस चुनाव में पूरी तरह से हारा है, लेकिन कांग्रेस हार के बाद भी जश्न मना रही है। कांगेस देश में गलत नैरेटिव सेट करने की कोशिश कर रही है कि वह वह सफल हुई है। भाजपा कार्यकर्ताओं को यह गलत नैरेटिव सेट नहीं होने देना है। सफलता सिर्फ भाजपा को मिली है, सफल सिर्फ भाजपा हुई है। भारतीय जनता पार्टी दक्षिण के राज्यों में भी सफलता प्राप्त कर रही है। केरल में पहली बार हमारी पार्टी का खाता खुला। उड़ीसा में चमत्कार हुआ और भाजपा ने विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक सफलता प्राप्त की है। आंध्रप्रदेश में भाजपा के 10 प्रतिशत वोट बढ़े हैं। तेलंगाना,  केरल और तमिलनाडु में भी भाजपा के वोट बढ़े हैं। कर्नाटक में 28 में 17 सीटें जीतकर भाजपा सफल हुई है। राहुल गांधी ने अग्निवीर को एक करोड़ की आर्थिक सहायता नहीं मिलने का झूठ बोला, एमएसपी को लेकर झूठ बोला। लेकिन  जब सदन में एमएसपी के आंकड़े रखे तो चुप हो गए। राहुल गांधी कह रहे हैं कि हमने राम मंदिर आंदोलन को हरा दिया है। बालक बुद्धि राहुल गांधी को कौन समझाए कि हिंदुत्व की परिषाभा क्या होती है। राहुल गांधी और उनका परिवार हिंदुत्व की परिभाषा नहीं जानता।


भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा ने मध्यप्रदेश में ऐतिहासिक सफलता अर्जित की है। भाजपा ने प्रदेश के सभी 29 लोकसभा क्षेत्रों में विजय हासिल की है। सफलता प्राप्त करने के साथ उस सफलता को बनाए रखना भी बहुत जरूरी है। इसलिए आप सभी कार्यकर्ता इसी तरह कार्य करते रहें और आगामी चुनावों में भी पार्टी की इस सफलता को बनाए रखें। जामवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा का संगठन आदर्श है। संगठन शक्ति और कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत और परिश्रम से लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक सफलता प्राप्त हुई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 24 घंटे देश सेवा के कार्य में लगे हुए हैं। प्रधानमंत्री जी गरीबों के लिए जीते हैं। हर चुनाव में हमें सामाजिक समरसता, सामाजिक समीकरण, संतुलन खड़ा करना पड़ता है। हमें हर चुनाव में इस संबंध में उतनी ही मेहनत करनी पड़ती है। आप सभी कार्यकर्ता अभी से इन सभी विषयों को लेकर अपने-अपने क्षेत्र में ऐसा कार्य करें कि चुनाव के समय हमें इन कार्यों को लेकर अधिक मेहनत न करनी पड़े।


भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल का एक आदर्श संगठन कैसा होना चाहिए, वह मध्यप्रदेश में भाजपा संगठन एक आदर्श संगठन है। यहां के संगठन का स्वरूप और कार्य करने की शैली विशिष्ठ है। भाजपा संगठन और कार्यकर्ताओं की मेहनत से पहले विधानसभा में ऐतिहासिक सफलता फिर लोकसभा चुनाव में सभी 29 लोकसभा सीटों पर विजय सामान्य बात नहीं है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जर्नादन रूपी जनता ने भाजपा को जो आशीर्वाद प्रदान किया है, वह एक दिन की मेहनत से नहीं मिला है। इसके लिए संगठन लगातार कार्य करता है। लोकसभा चुनाव में भाजपा 80 प्रतिशत बूथों पर विजय प्राप्त हुई है, जिन 20 प्रतिशत बूथों पर विजय प्राप्त नहीं हुई है, उन बूथों को लेकर कार्यकर्ता अभी से बूथ विजय अभियान चलाकर कार्य करें। ऐतिहासिक विजय में शक्ति केन्द्रों की भूमिका भी बहुत महत्वपूर्ण है। प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव में 207 विधानसभा सीटों पर भाजपा को विजय मिली है। बाकी सीटों पर और जिन बूथों पर हमें सफलता नहीं मिली है, उन के लिए अभी से कार्य शुरू किया जाए। मध्यप्रदेश की जनता को कांग्रेस को उसके कार्यों को लेकर सबक सिखाया है। हमें भाजपा सरकार के गरीब कल्याण और विकास के कार्यों को जनता तक पहुंचाकर उन्हें बताना है कि आपने जिस पार्टी को आशीर्वाद प्रदान किया है, वह आपके हितों और कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। भाजपा सरकार गांवों का पूरा विकास कर रही है।


प्रदेश सह प्रभारी सतीश उपाध्याय ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार बुलेट ट्रेन की रफ्तार से कार्य कर रही है। विधानसभा चुनाव में भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में जो वादे किए हैं, उनमें 40 पूरे हो चुके हैं, 269 वादों पर प्रदेश की भाजपा सरकार कार्य कर रही है। सतीश उपाध्याय ने कहा कि मध्यप्रदेश के कार्यकर्ताओं ने लोकसभा चुनाव में 100 प्रतिशत परिणाम दिया है। जन आकांक्षाओं और जन अपेक्षाओं को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने प्रदेश को बीमारू राज्य से विकसित राज्य बनाया है। मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार पं. दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और अंत्योदय की परिकल्पना को साकार कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने कार्यकाल में चुनावी संकल्प-पत्र के 269 वादों पर कार्य किया है। सतीश उपाध्याय ने कहा कि इस लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और इंडी गठबंधन के दलों ने दो नैरेटिव बनाने का कार्य किया था। पहला यह कि भाजपा की सरकार बन गई तो संविधान बदल दिया जाएगा और दूसरा यह कि आरक्षण समाप्त कर दिया जाएगा। लेकिन मैं मध्यप्रदेश के कार्यकर्ताओं को बहुत धन्यवाद देता हूं कि आप सभी की अथक मेहनत, परिश्रम से मध्यप्रदेश में विपक्षी दलों के इस दुष्प्रचार को जनता को समझाने में सफल हुए और इसका प्रदेश में कोई असर नहीं हुआ।


प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि ग्वालियर में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के समय हमारे सामने दोहरी चुनौतियां थीं। एक विधानसभा चुनाव की और दूसरी लोकसभा चुनाव की। हमने उस समय संकल्प लिया था कि कांग्रेस को मध्यप्रदेश चौपट नहीं करने देंगे। विकसित भारत के संकल्प की पूर्ति के लिए केंद्र में तीसरी बार मोदी सरकार बनाएंगे। हमारे ये दोनों ही संकल्प पूरे हुए हैं, जिसके लिए में सभी कार्यकर्ताओं को नमन करता हूं। सिंधिया ने कहा कि महाभारत में भी कहा गया है कि जहां धर्म होता है, जीत वहीं होती है। ये जीत सत्य की जीत है। ये कांग्रेस की नकारात्मकता के खिलाफ जनता की शक्ति और जांबाज कार्यकर्ताओं की जीत है। सिंधिया ने कहा कि हमने संकल्प लिया था-मेरा बूथ सबसे मजबूत। इस संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाते हुए हमने 80 प्रतिशत बूथ जीते, सभी 29 सीटों पर जीत हासिल की। सिंधिया ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री कहते हैं-मेरे जीवन का पल-पल और शरीर का कण-कण देशवासियों को समर्पित है। न खाऊंगा न खाने दूंगा। लेकिन कांग्रेस के नेतृत्व वाला ठगबंधन भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की विचारधारा पर चलता है।


केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि हाल ही में हुए चुनावों में मध्यप्रदेश भरोसे का प्रदेश बनकर उभरा है। हम सभी 29 लोकसभा सीटें जीतने में सफल रहे, जिसका श्रेय हमारे कार्यकर्ताओं को जाता है। कांग्रेस ने आरक्षण और संविधान को लेकर झूठ का पहाड़ खड़ा करने का प्रयास किया। जबकि सच्चाई यह है कि कांग्रेस न देश के संविधान का सम्मान करती है, न कभी संविधान निर्माता डॉ. अंबेडकर को सम्मान दिया। डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि यूपीए सरकार के समय कांग्रेस के एक नेता ने सरकार के प्रस्ताव की कॉपी फाड़ दी थी। डॉ. अंबेडकर के खिलाफ अपना प्रत्याशी उतारकर कांग्रेस ने उन्हें संसद में निर्विरोध नहीं आने दिया, जबकि डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी ने उन्हें राज्यसभा में पहुंचाने में सहयोग किया।


भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने संगठन की आगामी कार्ययोजना की जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश की विस्तारित कार्य समिति की बैठक के बाद जिला और मंडल स्तर की कार्यसमिति की बैठक आयोजित की जानी हैं। 9 से 12 जुलाई तक प्रदेश के सभी जिलों की कार्यसमिति की बैठकें करनी हैं। जिन जिलों में 9 जुलाई को बैठक हो जाएगी, वहां 10 से 15 जुलाई के मध्य मंडल स्तर की कार्यसमिति की बैठकें आयोजित की जाएं। 13 से 20 जुलाई के मध्य शक्ति केंद्रों का सम्मेलन आयोजित किया जाए, जिनमें पोलिंग एजेंटों को सम्मानित किया जाए। हितानंद ने कहा कि 28 जुलाई को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का मन की बात कार्यक्रम होना है, जिसे सभी बूथों पर सुना जाए और प्रदेश सरकार के सभी सांसद-विधायक व अन्य जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्र के किसी बूथ एक पर पहुंचकर कार्यक्रम सुनें और बूथ की बैठक में शामिल हों। हितानंद ने कहा कि डिजिटल भारत के तहत मध्यप्रदेश का भाजपा संगठन भी डिजिटल हो रहा है। आज सभी कार्यकर्ताओं का डिजिटली रजिस्ट्रेशन किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत सभी से पेड़ लगाने का आह्वान किया है। महिला मोर्चा सहित सभी मोर्चा-प्रकोष्ठ पौधे लगाने की कार्ययोजना बनाएं। पेड़ लगाने के साथ उसके संरक्षण और संवर्धन की दिशा में कार्य करें। अपने लगाए हुए पौधे का हर महीने जन्मदिन मनाएं और उसकी फोटो सोशल मीडिया में शेयर करें। 21 जुलाई को गुरूपूर्णिमा का कार्यक्रम भी पार्टी द्वारा बूथ स्तर तक मनाया जाएगा। इसके साथ ही 26 को करगिल विजय दिवस, 14 अगस्त को भारत विभाजन विभीषिका दिवस को लेकर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम भी पार्टी कार्यकर्ता मनाएं।


बैठक के दौरान संसदीय बोर्ड के सदस्य सत्यनारायण जटिया, प्रदेश शासन के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल, राकेश सिंह, वरिष्ठ नेता व सांसद फग्गनसिंह कुलस्ते, महाराष्ट्र के सह प्रभारी जयभान सिंह पवैया, वरिष्ठ नेता विक्रम वर्मा, डॉ. नरोत्तम मिश्रा, भूपेन्द्र सिंह, सुरेश पचौरी, ओमप्रकाश धुर्वे उपस्थित रहे। पिछली कार्यसमिति बैठक का अनुमोदन प्रदेश कार्यालय मंत्री डॉ. राघवेन्द्र शर्मा ने रखा। प्रदेश महामंत्री शरतेंदु तिवारी ने दिवंगत नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं समाज जनों के निधन पर शोक प्रस्ताव रखा, जिसके उपरांत दिवंगतों की आत्मिक शांति के लिए मौन रखा गया। बैठक का आभार प्रदेश मंत्री जयदीप पटेल ने माना। लोकसभा चुनाव विश्लेषण की प्रस्तुति प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल ने दी। बैठक में पहली बार 1099 मंडल अध्यक्षों सहित 2 हजार से अधिक पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Share on Google Plus

click newsroom

    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

Post a Comment