....

हेमंत सोरेन फिर बने झारखंड के मुख्यमंत्री, राजभवन में ली शपथ

 रांची : शुक्रवार, जुलाई 5, 2024/ झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने तीसरी बार मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने सोरेन को राजभवन में पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी। शपथ लेने के बाद सोरेन ने रांची में भगवान बिरसा मुंडा और अमर शहीद सिदो-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उल्लेखनीय है कि हेमंत सोरेन 13 जुलाई, 2013 को पहली बार मुख्यमंत्री बने थे। इसके बाद 29 दिसंबर, 2019 को और अब तीसरी बार चार जुलाई को मुख्यमंत्री बने हैं।



इस मौके पर झामुमो प्रमुख और हेमंत के पिता शिबू सोरेन, माता रुपी सोरेन, कार्यवाहक मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन, मंत्री बादल, रामेश्वर उरांव, सत्यानंद भोक्ता, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, सांसद महुआ माजी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर, विधायक कल्पना सोरेन, दीपिका पांडेय सिंह, बैजनाथ राम सहित सत्ता पक्ष के सभी विधायक भी उपस्थित थे।


इससे पहले हेमंत सोरेन ने पिता और सांसद शिबू सोरेन के पास जाकर उनके चरण छूए। साथ ही सोशल मीडिया पर इसे शेयर करते हुए लिखा कि बाबा से मिलकर आगामी चुनौतियों से निपटने के लिए उनका आशीर्वाद लिया।


इधर राज्य के 13 वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के साथ ही हेमंत सोरेन के समर्थको और प्रशंसकों में जश्न का माहौल देखा जा रहा है। शपथ ग्रहण समारोह के मद्देनजर राज भवन के मुख्य द्वार के सामने पहले से मौजूद झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। कार्यकर्ताओं ने पटाखे छोड़कर अपनी खुशी का इजहार किया।




Share on Google Plus

click newsroom

    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

Post a Comment