....

'प्रियदर्शिनी' वचन पत्र, प्रियंका गांधी वाड्रा कर सकती हैं जारी



भोपाल, मध्‍य प्रदेश की शिवराज सरकार की मुख्यमंत्री लाड़ली बहना  योजना की काट में प्रदेश कांग्रेस ने नारी सम्मान योजना लागू करने का वचन दिया है। मध्‍य प्रदेश विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी सत्ता में आने पर डेढ़ हजार रुपये महीना और पांच सौ रुपये में रसोई गैस सिलेंडर देने का वादा कर रही है।


महिलाओं के लिए पहली बार वचन पत्र घोषित किया जाएगा। इसे प्रियदर्शिनी नाम दिया गया है। 12 जून को कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा से जारी कराने की योजना है। प्रियंका जबलपुर में मप्र विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी के विजय 2023 अभियान की शुरुआत करने आ रही हैं। वचन पत्र समिति ने महिला वचन पत्र का प्रारूप तैयार कर लिया है।


मध्‍य प्रदेश में दो करोड़ 60 लाख 23 हजार 733 महिला मतदाता हैं। 230 सदस्यीय विधानसभा में 16 क्षेत्र ऐसे हैं, जहां महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक है। भाजपा और कांग्रेस, महिलाओं को अपने पक्ष में करने के लिए प्रयासरत हैं।


कांग्रेस के सामने चुनौती मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की छवि को लेकर है। महिला वर्ग में वह मामा के नाम से मशहूर हैं। उनकी छवि संवेदनशील और महिलाओं के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण रखने वाले नेता की है। उन्होंने महिलाओं के लिए कई योजनाएं भी शुरू की हैं।


मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना को महिला मतदाताओं को प्रभावित करने का सबसे बड़ा कदम माना जा रहा है। सरकार एक करोड़ 20 लाख महिलाओं को एक-एक हजार रुपये प्रतिमाह देने की योजना लागू कर चुकी है। इसके संभावित असर को भांपते हुए प्रदेश कांग्रेस ने सरकार बनने पर नारी सम्मान योजना लागू की घोषणा करने के साथ ही आवेदन भरवाने भी शुरू कर दिए हैं। योजना में डेढ़ हजार रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे।


इसके अलावा पांच सौ रुपये में रसोई गैस सिलेंडर देने का वादा भी किया जाएगा। सूत्रों का कहना है कि महिलाओं के बीच प्रभावी तरीके से पार्टी की बात को रखने के लिए प्रियंका गांधी वाड्रा से महिला वचन पत्र जारी कराया जा सकता है।


वचन पत्र समिति के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि हमारी तैयारी पूरी हो चुकी है। महिलाओं से जुड़े सभी बिंदुओं को शामिल करते हुए प्रियदर्शिनी वचन पत्र का प्रारूप तैयार किया गया है। इसे कब और किस स्तर से जारी कराना है, यह निर्णय प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ लेंगे।


Share on Google Plus

click News India Host

    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

Post a Comment