....

मुख्यमंत्री हों या कलेक्टर सभी हैं जनता के सेवक - मुख्यमंत्री चौहान

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि सरकार का एक ही लक्ष्य है, विकास और जनता का कल्याण। यहाँ जनता की अदालत लगी है, सभी के कार्य होंगे। मुख्यमंत्री हो या कलेक्टर हो, सभी जनता के सेवक हैं। जनता का राज है, सभी मिल कर कार्य करने का संकल्प लें। आगामी 6 अप्रैल से पुन: जन-सेवा अभियान चलेगा, जिस व्यक्ति का नाम छूटा होगा, उसका जोड़ा जायेगा। गरीब, किसान और आम नागरिक परेशान न हों, दर-दर ठोकर न खायें, गाँव/क्षेत्र में ही उनका कार्य हो। सरकार भोपाल से नहीं चौपाल से चलेगी।


मुख्यमंत्री चौहान शिवपुरी में मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान में संभाग स्तरीय स्वीकृति-पत्र वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने मंच से ही 135 करोड़ रूपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण/भूमि-पूजन किया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों विक्रम केवट, आयुष्मान योजना, अर्पित भार्गव, उच्च शिक्षा सहायता योजना आदि से संवाद किया। चौहान ने जिला पर्यटन पुस्तिका का विमोचन भी किया।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि गत सरकार द्वारा जिन किसानों को कर्ज माफी का झूठा आश्वासन देकर उन पर ब्याज की गठरी लाद दी गई थी, उनके कर्ज की ब्याज की राशि भरवाने का सरकार कार्य करेगी।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि यह विकास का मेला है। मैं यहाँ भाषण देने नहीं कार्य करने आया हूँ। प्रदेश में आगामी 15 अगस्त तक एक लाख सरकारी नौकरियों पर भर्ती की जायेगी। सरकार 8 लाख रूपये तक की सालाना आय वाले परिवारों के बच्चों की उच्च शिक्षा की फीस भरवा रही है। बच्चे खूब पढ़े और आगे बढ़ें।

मुख्यमंत्री चौहान ने घोषणा की कि शिवपुरी को नगर निगम बनाने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जायेगी। शिवपुरी को हर क्षेत्र में नम्बर वन बनाया जायेगा। नगर के सौंदर्यीकरण के लिये 8.5 करोड़ रूपये दिये जायेंगे। उत्कृष्ट "थीम रोड'' निर्माण की भी मुख्यमंत्री चौहान ने घोषणा की। उन्होंने उपस्थितों को शिवपुरी को विकास का उदाहरण बनाने में पूर्ण सहयोग करने का संकल्प दिलाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंधिया पूरे देश की प्रगति एवं विकास में अपना सर्वश्रेष्ठ योग्यदान दे रहे है। जब यूक्रेन में हमारे बच्चे फँस गए थे तब प्रधानमंत्री मोदी ने सिंधिया को वहाँ से बच्चों को वापस लाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी। यशोधरा राजे सिंधिया का प्रदेश की प्रगति और विकास में महत्वपूर्ण योग्यदान है। उनके नेतृत्व में प्रदेश में खेलो इंडिया गेम्स हो रहे हैं और ग्लोबल स्किल पार्क बन रहा है।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि भगवान शिव की नगरी शिवपुरी ऐतिहासिक और अद्भुत नगरी है। यह पर्यटन का महत्वपूर्ण केन्द्र है। श्योपुर में चीते आ गए हैं, शिवपुरी में टाइगर आने वाले हैं। शिवपुरी की गुजिया, बेड़ई, दाल बाटी, चूरमा, समोसे, कचोड़ी मशहूर हैं।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि आज शिवपुरी में एक लाख 13 हजार पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के स्वीकृति-पत्र दिये जा रहे हैं। गाँव-गाँव, वार्ड-वार्ड शिविर लगाए गए और जनता के आवेदन प्राप्त किये गये। अभियान में ग्वालियर संभाग के सभी जिलों में लगभग 7 लाख हितग्राहियों को चिन्हित किया गया है।


Share on Google Plus

click vishvas shukla

    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

Post a Comment