....

ISIS से हिंदुत्व की तुलना करने वाले सलमान खुर्शीद के घर तोड़फोड़ के बाद आगजनी


नैनीताल :  रामगढ़ में कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद के बंगले पर सोमवार को कुछ प्रदर्शनकारियों ने आगजनी और पथराव कर दिया। आग से खुर्शीद के बंगले का दरवाजा जल गया और कई खिंडकियों के कांच भी टूटे। छह राउंड हवाई फायरिंग का आरोप भी केयर टेकर ने लगाया है। केयर टेकरों के मुताबिक आगजनी और पथराव करने वाले भाजपा कार्यकर्ता थे। हालांकि भाजपा मंडल अध्यक्ष ने घर पर आग लगाने की घटना में कार्यकर्ताओं के शामिल होने से इनकार किया है। 

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद की नई किताब में कथित तौर पर हिंदुत्व की तुलना आतंकवादी संगठनों से करने पर भाजपा कार्यकर्ता उनके खिलाफ लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। सोमवार को भाजपा रामगढ़ मंडल ने भी नैनीताल में रामगढ़  स्थित खुर्शीद के बंगले के बाहर पुतला दहन कार्यक्रम रखा था। बताया जा रहा है प्रदर्शनकारी दिन में करीब 1 बजे उनके बंगले के परिसर में पुतला दहन के लिए पहुंचे। वहां तैनात के केयर टेकरों ने इसका विरोध किया लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने और परिसर में ही पुतला जला दिया। इससे विवाद बढ़ गया और इसी बीच कुछ अराजक तत्वों ने पुतले की आग से ही बंगले का दरवाजा भी जलाकर पथराव भी शुरू कर दिया।

सलमान खुर्शीद ने हमले के बाद कहा, मैंने (अपनी किताब में) कहा है कि जो लोग इस तरह का काम करते हैं हिंदू धर्म के नहीं हैं। हिंदू धर्म खूबसूरत धर्म है और इसने देश को अच्छी संस्कृति दी है। मुझे इस पर गर्व है। यह हमला मुझ पर नहीं हिंदू धर्म पर है। आरोप है कि पुतला दहन करने आए प्रदर्शनकारियों ने केयर टेकर के परिवार व यहां काम करने वाली स्थानीय महिलाओं से गाली गलौच की। इसके बाद ही वहां स्थिति बिगड़ी। इससे केयर टेकरों के परिवार भी नाराज हो गए और प्रदर्शनकारियों पर बरसने लगे। इसके बाद ही घर पर पथराव हुआ और घर के भीतर आग लगा दी गई। 

बीजेपी के रामगढ़ मंडल अध्यक्ष कुंदन चिलवाल ने कहा हमारे कार्यकर्ताओं ने घर में आग नहीं लगाई है। वहां मौजूद महिलाएं कार्यकर्ताओं से अनावश्यक बहस कर रही थीं। इस पर हमने कार्यकर्ताओं को वहां से जाने के लिए कह दिया था। हमारे जाने के बाद यह घटनाक्रम हुआ है। हम तो खुद वापस आए और आग को बुझाने में सहयोग किया है।

Share on Google Plus

click News India Host

    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

Post a Comment