जबलपुर : कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी शनिवार को जबलपुर पहुंचे। यहां राहुल ग्वारी घाट पर मां नर्मदा की आरती में शामिल हुए और फिर रोड शो किया।
उनके साथ पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
गौरतलब है कि राहुल गांधी इन दिनों प्रदेश का लगातार दौरा कर रहे हैं। राहुल इस दौरान कांग्रेस की संकल्प यात्रा में शामिल हो रहे हैं। जबलपुर आगमन पर वे सबसे पहले वे नर्मदा पूजन के लिए ग्वारी घाट स्थित उमा घाट पहुंचे। यहां उन्होंने नर्मदा जल को स्पर्श कर विधि-विधान से मां नर्मदा का पूजन किया।
ग्वारी घाट में नर्मदाष्टक के पाठ के बाद 7 ब्राह्मणों ने मां नर्मदा की आरती की। राहुल गांधी सहित कांग्रेसी नेताओं ने मां नर्मदा की आरती की। आरती के बाद एक नन्हीं बच्ची ने सभी को मां नर्मदा को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने की शपथ दिलाई।
नर्मदा पूजन के बाद राहुल गांधी उपस्थित श्रद्धालुओं और लोगों से मिले और सबका अभिवादन किया। ग्वारी घाट से वे सीधे बंदरिया तिराहे पहुंचे जहां से रोड शो प्रारंभ हुआ।
रोड शो के दौरान के हजारों लोगों ने सड़क के दोनों ओर खड़े होकर राहुल गांधी और कांग्रेसी नेताओं का स्वागत किया। रोड शो में कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।
0 comments:
Post a Comment