....

विराट-अनुष्का एक दूजे के हुए, इटली में की शादी, 26 दिसंबर को मुंबई में रिसेप्शन

नई दिल्ली : इस साल की सबसे बड़ी शादी को लेकर चल रही तमाम अटकलें खत्म हो गई। विराट और अनुष्का ने औपचारिक तौर पर अपनी शादी का ऐलान कर दिया।
दोनों ने अपने ट्विटर अकाउंट पर इटली में हुई शादी की तस्वीरें साझा की। दोनों ने एक संयुक्त बयान जारी कर अपनी शादी का ऐलान किया। 
इस शादी में केवल परिवार के करीबी लोगों के अलावा कुछ दोस्त भी शामिल हुए। दोनों ने हिंदू रीति-रिवाजों के साथ शादी की।
अपने बयान में दोनों ने कहा कि ये लम्हा उनके लिए काफी यादगार है। फैंस और रिश्तेदारों की दुआओं के बाद ये दिन और यादगार बन गया। इसलिए दोनों ने अपने संयुक्त बयान में सभी फैंस और करीबियों का धन्यवाद दिया।
इस शादी में दूल्हे और दुल्हन का जो लिबास दोनों ने पहना था, वो डिजाइनर सब्यासाची मुखर्जी ने डिजाइन किया है।
मिस्टर एंड मिसेज कोहली शादी के बाद दक्षिण अफ्रीका जाएंगे, जहां विराट कोहली साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज की तैयारियों में जुटेंगे।
 दोनों नए साल का जश्न साउथ अफ्रीका में ही मनाएंगे और अनुष्का जनवरी के पहले हफ्ते में आनंद एल राय की फिल्म की शूटिंग के लिए मुंबई लौट आएंगी।वहीं विराट कोहली दो महीने के लिए दक्षिण अफ्रीका में ही रहेंगे। यहां कोहली की कप्तानी में टीम इंडिया तीन टेस्ट, 6 वनडे मैचों की सीरीज खेलेगी। वहीं तीन T-20 मैच भी खेले जाएंगे। शादी के बाद दोनों मुंबई के वर्ली में अपने नए फ्लैट में शिफ्ट हो जाएंगे।
मुंबई में एक फाइव स्टार होटल में 26 दिसंबर को विराट और अनुष्का की शादी का रिसेप्शन होगा। जिसमें टीम इंडिया के क्रिकेटर, बीसीसीआई के अधिकारी और बॉलीवुड के सितारें शामिल होंगे। 
इस समारोह के बाद टीम इंडिया द. अफ्रीका दौरे पर रवाना होगी। इसके अलावा 21 दिसंबर को दिल्ली में भी एक रिसेप्शन होगा।
इस शादी को लेकर दिसंबर महीने की शुरुआत से कयासों का बाजार गर्म होने लगा था। जैसे ही दोनों के इटली में शादी करने की खबरें सामने आई, अनुष्का की प्रवक्ता ने इसका तुरंत खंडन कर दिया।
 मगर कुछ दिनों पहले ही अनुष्का को मुंबई एयरपोर्ट पर पूरे परिवार के साथ देखा गया था। इसके बाद से ही ये दावा पुख्ता हो गया था कि दोनों शादी करने वाले हैं।
Share on Google Plus

click News India Host

    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

Post a Comment