....

MP : सरकार की कैबिनेट बैठक पूरी तरह पर्यटन नीति पर केंद्रित रही, मंत्रियों ने भी किया खूब सैर-सपाटा

इंदौर-खंडवा। हनुमंतिया में राज्य सरकार की कैबिनेट बैठक पूरी तरह पर्यटन नीति पर केंद्रित रही मंत्रियों ने भी उसी का अनुसरण करते हुए खूब सैर-सपाटा किया। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान अपने मंत्रियों को इसी मूड से लाए थे। इंदौर रेसीडेंसी कोठी से मंत्रियों की बस रवाना होने से लेकर रास्ते भर और हनुमंतिया में यही नजारा देखने को मिला। रास्ते में सिमरोल, बलवाड़ा, चोरल, सिद्धवरकूट आदि जगह उनका भरपूर स्वागत हुआ।
हनुमंतिया पहुंचते ही मुख्यमंत्री और मंत्रियों ने भोजन किया और इसके बाद सीधे क्रूज पर बैठक के लिए सवार हो गए। दोपहर करीब 3.15 बजे कैबिनेट बैठक शुरू हुई जो शाम 5 बजे तक चलती रही।
नर्मदा के बैकवॉटर में लगभग सवा दो घंटे क्रूज एक स्थान पर खड़ा रहा। इस दौरान कई अफसर पर्यटन निगम के कॉटेज और आसपास के एरिया में टहलते रहे। बैठक खत्म होने के बाद क्रूज के पास कुछ बोट भिजवाई गई और उन्हीं में सवार होकर मुख्यमंत्री और सारे मंत्री फिफरिया टापू की सैर को निकल गए। इस बीच किनारे पर बैठे अफसर और मीडियाकर्मी यह कयास लगाते रहे कि आखिर कैबिनेट बैठक में क्या तय हुआ। लगभग डेढ़ घंटे की सैर के बाद मुख्यमंत्री अपने मंत्रियों के साथ स्पीड बोट से किनारे पर लौटे।
अधिकांश मंत्रियों ने यहां बने कॉटेज और पर्यटन व्यवस्थाओं की खूब तारीफ की। बैठक के बारे में सभी ने पर्यटन को बढ़ावा देने की बात ही कही। बाकी बातों के लिए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बताएंगे। कुल मिलाकर पूरी कैबिनेट बैठक पर्यटन नीति और प्रदेश पर्यटन की संभावनाओं पर ही आधारित रही।
इधर, मुख्यमंत्री, पर्यटन मंत्री सुरेंद्र पटवा, संसदीय कार्य मंत्री नरोत्तम मिश्रा के साथ प्रेस कांफ्रेंस करने लगे और दूसरी ओर बाकी मंत्री जाने की जल्दी में थे। वे एक-एक कर रवाना हो गए।
रास्ते में मुख्यमंत्री की बस मूंदी में रुकी। यहां साध्वी ऋतुंभरा की भागवत कथा का समापन और सामूहिक विवाह समारोह रखा गया था। मुख्यमंत्री इस आयोजन में पहुंचे और वर-वधु को आशीर्वाद प्रदान किया। साध्वी ऋतुंभरा ने भी मुख्यमंत्री को आशीर्वाद दिया। 
हनुमंतिया से मुख्यमंत्री और मंत्री फिफरिया और माल टापू पर गए तो वहां के नजारे देख गदगद हो गए। माल टापू पर जल महोत्सव के लिए कॉटेज भी बनाए जा रहे है। लगभग 20 किलोमीटर जल मार्ग से सफर कर इन टापूओं पर पहुंचे मंत्रियों ने यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं देखी। 
कैबिनेट मंत्री विजय शाह और खंडवा की पूर्व महापौर भावना शाह आशापुर से जलमार्ग से बोट में सवार होकर हनुमंतिया पहुंचे। 
 बैठक के दौरान क्रूज में पीने का पानी खत्म हो गया तो आनन-फानन एक बोट किनारे आई। चाय और पानी की बोतलें लेकर तत्काल पहुंची।  बैठक समाप्त होने के बाद सीएम के साथ सभी मंत्री टापू देखने चले गए लेकिन लोक निर्माण विभाग मंत्री सरताजसिंह क्रूज से ही लौट आए। उन्हें कही जाना था। 
 क्रूज का नाम नर्मदा क्वीन रखा गया है। सीएम बोट से लौटे तो सबसे पहले पर्यटन विभाग के अधिकारियों को यह नाम बदलने के निर्देश दिए।  कुछ विधायकों के साथ ही भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी भी हनुमंतिया में प्रवेश को लेकर मशक्कत करते रहे। क्षेत्रीय विधायक लोकेंद्रसिंह तोमर इंदौर रेसीडेंसी कोठी से ही मंत्रियों की बस में सवार होकर हनुमंतिया आए।
लोक निर्माण विभाग मंत्री सरताजसिंह ने कहा कि 2018 तक प्रदेश के सभी पर्यटन स्थलों के पहुंच मार्ग बनवा दिए जाएंगे।

Share on Google Plus

click News India Host

    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

Post a Comment